प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की तारीख नजदीक होने की वजह से रविवार को भी नगर निगम दफ्तर खुला रहेगा।
नियत तारीख तक बकाया टैक्स जमा कराने पर 30 फीसदी की छूट मिलने की वजह से हजारों की संख्या में लोग टैक्स जमा करा रहे हैं।
नगर निगम ने टैक्स दाताओं के लिए विभिन्न बैंकों की 31 शाखाओं को भी अधिकृत किया है। सूत्रों के मुताबिक अब तक करीब 30 फीसदी से प्रॉपर्टी मालिकों ने टैक्स जमा करा दिए हैं।
प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए 11 अक्तूबर को जारी नोटिफिकेशन के तहत 25 नवंबर तक टैक्स जमा कराने वालों को पिछले तीन साल के बकाया पर कोई भी ब्याज नहीं लगेगा।
नगर निगम ने रिहायशी भवनों, कॉमर्शियल साइट्स, दुकानें, क्लीनिक, पेट्रोल पंप, स्कूल, सोसाइटी फ्लैट्स के अलावा सभी प्रॉपर्टी पर टैक्स की नई दरें घोषित की थी।
नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी ओपी सिहाग के मुताबिक प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की तारीख 25 नवंबर होने की वजह से रविवार को नगर निगम दफ्तर में काउंटर खोले जाएंगे।
सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक टैक्स जमा कराए जा सकते हैं। सोमवार को निगम दफ्तर के साथ ही बैंकों की शाखाओं पर भी टैक्स जमा कराए जा सकेंगे।
फ्लैटों में रहने वाले अभी भी संशय में
सोसाइटी फ्लैटों में रहने वाले फ्लैट मालिकों ने विधायक, मेयर के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रॉपर्टी टैक्स की दरों में विसंगतियों को दूर करने की मांग की गई थी।
सेक्टर-20 ज्वायंट एक्शन कमेटी के बीबी शर्मा ने कहा कि फ्लैटों में रहने वालों को नौ गुना अधिक टैक्स थोप दिया गया है।
सरकार से फ्लैट मालिकों ने गुहार लगाई है कि फ्लैटों में रहने वालों के लिए भी प्रॉपटी टैक्स प्रति वर्ग गज के हिसाब से लिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। हालांकि सरकार की ओर से इस मामले में अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।