चंडीगढ़। एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वुमेन में रविवार को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की गवर्निंग बॉडी की बैठक हुई। इसमें कॉलेज के संसाधनों को पुनर्जीवित करने और पुनर्गठन के तरीकों पर विचार विमर्श किया गया। प्राचार्य डॉ. निशा भार्गव ने रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कॉलेज की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इसके बाद रूसा टीम की को-ऑर्डिनेटर नीना शर्मा द्वारा कॉलेज में रूसा की ओर से आयोजित गतिविधियां एवं बुनियादी ढांचे में गुणात्मक परिवर्तन और मानव संसाधनों के विकास को सुनिश्चित करने के लिए किए गए विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। सभी ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में रिसर्च व इनोवेशन को बढ़ाने की जरूरत है।
इस दौरान मेंबर्स ने क्षमता निर्माण की पहल को और समृद्ध करने के लिए अपने मूल्यवान अवधारणात्मक विचारों को साझा किया। पीयू के डीन रिसर्च प्रो. आरके सिंगला ने डिजिटल युग में शिक्षण को और अधिक प्रासंगिक बनाने के लिए स्वयं पोर्टल एवं स्वयं प्रभा प्रयोगशालाओं की स्थापना और कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम के कार्यान्वयन का सुझाव दिया। अनुसंधान को बढ़ावा देने, कौशल विकास, उद्यमिता और छात्र उन्मुख शिक्षण के महत्व पर जोर देते हुए यूबीएस पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रो. सुरेश के चड्ढा ने इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना, सहयोगात्मक अनुसंधान की शुरुआत और केस स्टडी, सिमुलेशन आदि का उपयोग करने की सलाह दी । छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने एवं छात्राओं के उज्जवल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए सीआईआई, नॉर्दन रीजनल काउंसिल के सदस्य, अमरबीर सिंह ने सुझाव दिया कि कौशल विकास और रोजगार कौशल में वृद्धि जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।
रिसर्च एवं लीडरशिप इनिशिएटिव को बढ़ाने पर जोर
यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट एंड साइंसेज के प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ स्पोर्ट्स, करिकुलर एक्टिविटीज और सामाजिक पहलुओं से जुड़े हुए कार्यक्रमों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। एनआईटीटीईआर चंडीगढ़ के कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. रामाकृष्णा ने जीपीयू आधारित प्रोसेसिंग, साइबर सुरक्षा, इंटरनेट ऑफ थिंग्स आदि जैसे उभरते क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर ध्यान आकर्षित किया। वृत्तचित्र निर्माता दलजीत अमी ने डिफरेंटली एबल्ड विद्यार्थियों के नामांकन को बढ़ाने के लिए सुझाव दिए। पूर्व आईएएस एवं मोटिवेशनल स्पीकर विवेक अत्रे ने कॉलेज के रूसा गवर्निंग बॉडी बैठक में एक वीडियो संदेश के जरिये संस्था को बधाई दी और उच्च शैक्षणिक संस्थानों में रिसर्च एवं लीडरशिप इनिशिएटिव को बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। एडिशनल स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर (रूसा) डॉ. दलीप कुमार ने रूसा के तत्वावधान में विभिन्न परियोजनाओं को सफलतापूर्वक आयोजित करने और पूरा करने के लिए संस्थान को बधाई दी। प्रिंसिपल ने सभी का आभार जताया।