गर्ल्स इंडिया प्रोजेक्ट के उद्घाटन के दौरान प्रतिभागी।
चंडीगढ़। स्वयंसेवी संस्था युवसत्ता और चंडीगढ़ कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (सीसीपीसीआर) ने शुक्रवार को सेक्टर-9 स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में गर्ल्स इंडिया प्रोजेक्ट को लांच किया। इसमें शहर के 50 प्रमुखों निजी और सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों ने हिस्सा लिया। इस प्रोजेक्ट के तहत निजी स्कूल की लड़कियां गांव व कॉलोनी के स्कूलों की लड़कियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सीसीपीसीआर की चेयरपर्सन हरजिंदर कौर ने बताया कि पहले चरण में करीब 25 हजार लड़कियों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे साकार करने के लिए शहर के 25 प्रमुख निजी स्कूल उन 25 सरकारी स्कूलों के साथ सहयोग करेंगे, जहां गांवों व झुग्गी बस्तियों के विद्यार्थी पढ़ते हैं। उन्होंने बताया कि इसमें भाग लेने वाली लड़कियां स्कूल में कक्षाएं लगाने के बाद गूगल मीट या जूम पर एक-दूसरे के साथ अपनी सुविधा के अनुसार सप्ताह में पांच दिन रोज 30 से 45 मिनट या सप्ताह में ढाई घंटे या महीने में दस घंटे ऑनलाइन कनेक्ट होंगी। इस दौरान बाबा आया सिंह रियाढ़की स्कूल एंड कॉलेज, टुग्गलवाला, गुरदासपुर के संस्थापक सरदार स्वर्ण सिंह विर्क मुख्य अतिथि, शिक्षा विभाग की डिप्टी डायरेक्टर रविंदर कौर विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रही।