मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शहर के विकास के लिए पर्याप्त ग्रांट मुहैया करवाई है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह बात विधायक डीके बंसल ने कही।
वह सेक्टर 16 और 17 की सड़कों का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अब वह सेक्टर-17 एक्सटेंशन की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे।
हाल ही में अमर उजाला द्वारा इस क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद विधायक ने इस सेक्टर की समस्याओं को गंभीरता से लिया और खुद जायजा लेने पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सेक्टर-17 में सड़कों की रीकारपेटिंग और हालात में सुधार करने की शिकायत के बावजूद अधिकारियों ने कोई दिलचस्पी नहीं ली।
एक्सटेंशन के प्रधान महेश नैन ने विधायक को बताया कि वह इस सेक्टर की सड़कों के काम के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार मिले, मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने विधायक को संबंधित अधिकारियों के नाम के साथ शिकायत देते हुए उनके तबादले की मांग की। उन्होंने विधायक को सेक्टर-17 का पार्क भी दिखाया, जिसमें बिना बारिश पानी भरा था।
इस पर विधायक ने भी गुस्सा जाहिर करते हुए इन अधिकारियों के तबादले की मुख्यमंत्री से मांग करने की बात कही।
इसी दौरान सेक्टर-16 निवासी एवं ग्रेटर पंचकूला विधानसभा कोआर्डिनेशन कमेटी महिला विंग की प्रधान रंजीता मेहता ने भी समस्याओं के बारे में बताया।
विधायक ने उन्हें भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने में हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।
सनातन धर्म मंदिर में चिकित्सा कैंप
इससे पहले विधायक ने सेक्टर-16 स्थित सनातन धर्म मंदिर के सभागार में कोआर्डिनेशन क मेटी की सहयोग से लगाए गए कैंप का उद्घाटन किया।
इस मौके पर विधायक के साथ डा. अशोक गुप्ता, मंदिर के प्रधान एचसी गोयल, जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य गुरप्रीत बेदी, मनोज अग्रवाल, अभि मेहता, कृष्ण गोयल, प्रमोद डावला, पुष्पिंद्र राणा, संजीव राणा, आरके गर्ग भी उपस्थित थे।