पंजाब में लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में 13 दिसंबर से प्रो रेसलिंग लीग के मुकाबले शुरू होने जा रहे हैं। प्रो स्पोर्टी फाई द्वारा रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से हो रही प्रो रेसलिंग लीग की शुरुआत दिल्ली में हुई।
इसमें पहले दिन पहलवानों ने अखाड़े में जमकर पसीना बहाया। गुरु नानक स्टेडियम के मल्टीपर्पस हॉल में प्रो रेसलिंग लीग से जुड़े लोग कुश्ती के लिए अखाड़ा बनाने में जुटे हैं। सफेद रंग के वाटर प्रूफ तंबू और लकड़ी से इसे तैयार किया जा रहा है, जिसमें करीब 50 लोग जुटे हैं।
पीडब्ल्यूएल से जुड़े प्रो स्पोर्टीफाई के डायरेक्टर विशाल गुरनानी और सीएमडी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड स्टार धर्मेंद्र के साथ ही स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा भी शिरकत करेंगे। इसके लिए दोनों को निमंत्रण भेज दिया गया है।
इन मैचों का सीधा प्रसारण सोनी और सैट मैक्स पर होगा। खेल की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी। 13 दिसंबर को पहले दिन पंजाब की टीम पंजाब रॉयल्स और उत्तर प्रदेश की यूपी वॉरियर्स आपस में भिड़ेंगी।