कैदियों द्वारा लेडी कांस्टेबलों पर भद्दी टिप्पणियां करने, अश्लील इशारे करने और सरकारी काम में बाधा डालने का अपनी तरह का एक मामला सामने आया है। चंडीगढ़ जिला अदालत में पेशी पर आने वाले कैदियों के द्वारा आते-जाते वक्त बस में शोर मचाने, आते-जाते लोगों पर भद्दी टिप्पणी करने और महिलाओं पर गंदी टिप्पणी करने की शिकायतें रोजाना आती रहती हैं, लेकिन इस बार ऐसे ही एक मामले में सब-इंस्पेक्टर ने जिला अदालत में आपराधिक शिकायत दायर की है।
ताजा मामला जिला अदालत में पेशी पर आए सात कैदियों के खिलाफ तीन महिला कांस्टेबलों पर भद्दी टिप्पणी, अश्लील इशारे और सरकारी कर्मी की ड्यूटी में बाधा डालने की धारा के तहत सीजेएम कोर्ट में दायर आपराधिक शिकायत का है। सोमवार को इस पर सुनवाई करते हुए सीजेएम कोर्ट ने सातों आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए। साथ ही अगली सुनवाई पर शिकायतकर्ता लेडी कांस्टेबलों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।
उनके बयान दर्ज होने के बाद अदालत शिकायत पर फैसला लेगी। बख्शीखाने में तैनात एसआई रघुवीर सिंह की ओर से सीजेएम कोर्ट में आकाश, रोहित, आशु, विकास उर्फ शेरा, मोहम्मद इफरान, तेज प्रताप और साहिल के खिलाफ आपराधिक शिकायत दायर की गई है।