फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा में राष्ट्रपति शासन लागू लगे, विस में उठेगा मुद्दा

Wed, 09 Mar 2016 11:05 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विधायक दल की नेता किरण चौधरी - फोटो : file
विज्ञापन
हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की सोमवार को हुई बैठक में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान प्रदेश में हुए जान-माल के नुकसान पर दुख जाहिर करते हुए विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार को तुरंत बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की मांग की। कांग्रेस इस पूरे मामले को विधानसभा सत्र में भी उठाएगी।
विज्ञापन


विधायक दल की बैठक में पारित किए गए प्रस्ताव में यह भी मांग की गई कि आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई हिंसा, लूटपाट व जानी नुकसान की घटनाओं की सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज के नेतृत्व में न्यायिक जांच कराई जाए और पीड़ितों को समुचित मुआवजा दिया जाए। विधायक दल के सदस्यों ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया।

पत्रकारों से बातचीत में किरण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायकों ने आरक्षण आंदोलन के दौरान प्रदेश सरकार की भूमिका की निंदा की क्योंकि हालात से निपटने में राज्य की प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह फेल हो गई। उन्होंने बताया कि विधायक दल ने भाजपा के उन नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की मांग की है, जिन्होंने गैरजिम्मेदाराना और भड़काऊ बयान देकर माहौल को खराब किया।
विज्ञापन


किरण चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा के ही मंत्रियों और विधायकों ने भाईचारा बिगाड़ने का काम किया, लेकिन उनके खिलाफ सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो प्रो. वीरेंद्र सिंह को नोटिस जारी किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि आंदोलन के पीड़ितों को जल्द से जल्द बिना भेदभाव के मुआवजा दिया जाए।

विधानसभा सत्र में आरक्षण विधेयक लाने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने के बारे में मुख्यमंत्री के हालिया बयान को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने के बारे में कांग्रेस को कोई निमंत्रण नहीं आया है, जब बैठक के लिए बुलावा आएगा, तभी फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस ने हमेशा सकारात्मक भूमिका ही निभाई है। प्रदेश के आगामी बजट को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में किरण ने कहा कि बजट सत्र में इस सरकार से क्या उम्मीद रखें, इनके पास देने को है ही क्या।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शकील अहमद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रो. वीरेंद्र सिंह को नोटिस जारी किया जा चुका है। उनका जवाब आते ही पार्टी की अनुशासन कमेटी को भेजा जाएगा। इस मामले में अनुशासन कमेटी ही फैसला लेगी। दो घंटे चली इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर, आशा कुमारी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, आनंद सिंह दांगी, गीता भुक्कल, जयतीर्थ दहिया, जयबीर बाल्मिकी, जगबीर मलिक, कुलदीप शर्मा, करण सिंह दलाल, रघुबीर सिंह कादियान, श्रीकृष्ण हुड्डा, शकुंतला खटक, उदय भान और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद थे।

होली नहीं मनाएगी कांग्रेस : शकील अहमद
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शकील अहमद ने कहा है कि आंदोलन के कारण प्रदेश के लोग जिस मुश्किल से गुजर रहे हैं, कांग्रेस उनके साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने इस बार होली का त्योहार नहीं मनाने का फैसला किया है।

माहौल बिगाड़ने को यूपी से बुलाए लोग : अहमद
चंडीगढ़। हरियाणा विधायक दल की सोमवार को हुई बैठक और उसके तुरंत बाद आयोजित पार्टी कार्यकारिणी की बैठक में मौजूद रहे प्रदेश प्रभारी शकील अहमद ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान माहौल बिगाड़ने का काम भाजपा के मंत्रियों और विधायकों ने किया।

उन्होंने कहा है कि भाजपा के विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास का आडियो उन्हें मिला है, जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना गया है कि आंदोलन के लिए भाजपा के ही कई नेताओं ने यूपी से लोग बुलाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब तक भड़काऊ बयानबाजी करने वाले अपने नेताओं के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी के बैठक में भी सदस्यों ने उन दोनों प्रस्तावों पर सर्वसम्मति जताई, जो विधायक दल की बैठक में पारित किए गए थे। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने और उपद्रव की न्यायिक जांच कराए जाने पर सहमत हैं। शकील अहमद ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, रणधीर सिंह कापड़ीवास और पूर्व विधायक रोशन लाल आर्य का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उनके पास इन नेताओं के आडियो हैं, जिनमें की गई बयानबाजी ने जाट आंदोलन को भड़काने का काम किया। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी की बैठक में सदस्यों को यह आडियो भी सुनाए गए हैं। करीब सवा घंटा चली कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता शकील अहमद ने की। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के अलावा पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेंस के सभी विधायक, जिला प्रधान, महासचिव, सचिव भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें