देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हरियाणा में कोरोना वायरस से लड़ने की प्रदेश सरकार की रणनीति और तैयारियों का जायजा लिया। राष्ट्रपति शुक्रवार को विभिन्न राज्यों के राज्यपालों व यूटी के प्रशासकों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुखातिब थे। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने भी राष्ट्रपति को हरियाणा की तैयारियों से अवगत करवाया।
इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सभी राज्य सरकारों से कहा है कि कोरोना की बीमारी से निपटने के लिए सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं, सामाजिक व धार्मिक संगठनों का भरपूर सहयोग लें।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी कोरोना बीमारी की स्थिति की समीक्षा करते हुए राज्यपालों से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने हरियाणा में कोरोना बीमारी से निबटने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह खुशी की बात है कि हरियाणा में कोरोना बीमारी से पीड़ित किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है।
इस दौरान हरियाणा के राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा इस आपदा से निबटने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रदेश में अब तक 3206 आइसोलेशन बेड तैयार किए गए हैं। 13000 लोगों को क्वारंटीन करने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा कोरोना बीमारी की स्थिति में गरीब व जरूरतमंद लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान करने बारे भी अवगत करवाया ।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों से अवगत करवाते हुए।