चंडीगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस मुख्यालय ने 1 से 7 सितंबर तक फैदा बैरियर और इससे जुड़े डिवाइडिंग रोड पर विशेष ड्यूटी लगाई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन और रात की अलग-अलग शिफ्ट में सुपरवाइजरी जीओ, एसएचओ और इंचार्ज तैनात रहेंगे। शहर के वीवीआईपी इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
लोक भवन पंजाब और सीएम पंजाब रेजिडेंस के आसपास डीएसपी की निगरानी में सेक्टर-26 और सेक्टर-3 थाना पुलिस तैनात रहेगी। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान लोगों को ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। सेक्टर-48/49 और 49/50 की डिवाइडिंग रोड के लिए डायवर्जन प्लान भी तैयार किया गया है।
फैदा बैरियर पर सबसे कड़ा पहरा
फैदा बैरियर सेक्टर-48 साइड को मुख्य प्वाइंट बनाया गया है। यहां दिन-रात एसडीपीओ और डीएसपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी में थाना प्रभारियों की ड्यूटी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस, एजीटीएफ और ऑपरेशन सेल को भी जिम्मेदारी दी गई है। गोल्फ टर्न सेक्टर-48 टी-प्वाइंट, 48/49 और 49/50 डिवाइडिंग रोड तथा 48 वाइन शॉप के पास भी बैरिकेडिंग की गई है। इन प्वाइंट पर लोकल पुलिस के साथ सीएपीएफ और आरएएफ की कंपनियां स्टैंडबाय रहेंगी।
वज्र, वाटर कैनन और फायर टेंडर तैयार
सुरक्षा बंदोबस्त में वज्र वाहन, वाटर कैनन, फायर टेंडर, पीए सिस्टम, वीडियोग्राफर, टिप्पर, बसें और बैरिकेडिंग शामिल हैं। हर बैरियर पर एंटी-रायट उपकरण, लंबी लाठी, अंजलि सूट, सी-वायर रोल और इमरजेंसी लाइट भी उपलब्ध रहेगी। पूरे बंदोबस्त की मॉनिटरिंग में पीसीआर और साइबर क्राइम के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं।
50/51 से 55/56 तक भी नाके
फैदा बैरियर के अलावा सेक्टर-50/51, 51/52, 52/53, 53/54, 54/55 और 55/56 की डिवाइडिंग रोड पर भी बैरिकेडिंग की जाएगी। यहां लोकल पुलिस के साथ रिजर्व फोर्स के तौर पर पीएस-सीसी और आईआरबी के जवान तैनात रहेंगे। प्रशासन की योजना प्रदर्शनकारियों को फैदा बैरियर पर ही रोकने और शहर में प्रवेश नहीं देने की है। इसके लिए बैरियर पर पुख्ता बैरिकेडिंग और वज्र वाहनों की तैनाती की गई है।