चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के दो नए छात्रावासों के डिजाइन को पंजाब सरकार ने स्वीकृति दे दी है। जुलाई में इनकी नींव रखने की तैयारी की जा रही है। छात्रावासों को लेकर पंजाब सरकार की ओर से पीयू प्रशासन के साथ बैठक भी की गई थी। इसमें छात्रावासों के डिजाइन को लेकर भी चर्चा हुई थी। वहीं छात्रावासों के निर्माण कार्य को लेकर बैठक में पंजाब सरकार की ओर से 48 करोड़ की ग्रांट देने को लेकर सहमति बनी है। जल्द ही पीयू को यह ग्रांट जारी कर दी जाएगी। पीयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष और सीवाईएसएस नेता आयुष खटकड़ ने कहा कि परिसर में छात्रावासों के निर्माण कार्य की नींव पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रखेंगे।
आगामी सत्र से पंजाब यूनिवर्सिटी में सभी छात्रावासों में रूम अलॉटमेंट ऑनलाइन करने को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पीयू में विद्यार्थियों के लिए सीमित संख्या में छात्रावास हैं। छात्रावासों में कमरों के मुकाबले पीयू में विद्यार्थियों की संख्या बहुत अधिक है। ऐसे में मेरिट के आधार पर ही हर विभाग में सिर्फ कुछ ही छात्रों को छात्रावास दिया जाता है। अन्य विद्यार्थियों को पीजी लेकर रहना पड़ता है। कोरोना महामारी के बाद से पीयू में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को भी छात्रावास लेने में मुश्किलें आ रही थीं। छात्रावास आवंटन ऑनलाइन होने से मेरिट के आधार पर संबंधित उम्मीदवार को कमरा अलॉट हो जाएगा। इसमें सिफारिशों की गुंजाइश बहुत कम रह जाएगी। पीयू परिसर में छात्र संगठन छात्रावासों को लेकर सबसे अधिक राजनीति करते हैं। वहीं नए छात्रों को लुभाने के लिए उनके सिफारिशों के जरिए छात्रावास में कमरे दिलवाने के लिए पीयू प्रशासन पर दबाव बनाते रहते हैं। इसके कारण मेरिट में आने के बावजूद कई छात्रों को छात्रावास में कमरा नहीं मिल पाता था।