विधायक परगट सिंह को मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वारा फोन पर धमकी दिए जाने के मामले को संगीन अपराध करार देते हुए बाजवा ने कहा कि इस पूरे मामले को पार्टी हाईकमान के सामने ले जाया जाएगा। ऐसे मामले में अब तक पुलिस केस दर्ज हो जाना चाहिए था। कैप्टन को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। या तो कैप्टन यह कहें कि उनके कहने पर परगट को फोन नहीं किया गया और या फिर अपने सलाहकार को बाहर का रास्ता दिखाएं। बाजवा ने कहा कि कैप्टन की चुप्पी यही साबित कर रही है कि परगट को सलाहकार के जरिए फोन उन्होंने ही करवाया होगा।
बादलों को बचाने के लिए अपनों पर कार्रवाई : सिद्धू
पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू बुधवार को भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, बादलों और मजीठिया को बचाने के लिए पार्टी सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। न तो ड्रग्स मामले में कोई कार्रवाई हुई और न बेअदबी मामले में। न ही बिजली के मामले में व्हाइट पेपर पेश किया और न ही माफिया राज के खिलाफ कार्रवाई की गई।