अक्षय कुमार पर सुखबीर बादल और गुरमीत राम रहीम के बीच मीटिंग करवाने का आरोप है। बरगाड़ी मामले की जांच को पंजाब सरकार द्वारा गठित जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट में अक्षय पर यह आरोप लगा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अक्षय ने अपने जुहू स्थित फ्लैट पर राम रहीम और सुखबीर की मुलाकात करवाई। इसमें तख्त श्री दमदमा साहिब के तत्कालीन जत्थेदार ज्ञानी गुरमुख सिंह भी मौजूद थे। इसमें ही राम रहीम की फिल्म को पंजाब में रिलीज करने की डील फाइनल हुई थी।
विशेष जांच टीम के सामने रखूंगा अपना पक्ष : सुखबीर
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि बेअदबी मामले में जांच कमेटी ने उन्हें समन भेजे हैं। वह जरूर जाएंगे और एसआईटी के सामने अपना पक्ष रखेंगे। सुखबीर सोमवार को शिरोमणि कमेटी के प्रधान के चुनाव की पूर्व संध्या पर तेजा सिंह समुंद्री हॉल में एसजीपीसी सदस्यों के साथ एक बैठक के आयोजन से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान सुखबीर बादल ने श्री हरमंदिर साहिब में माथा भी टेका।
समन मिलने पर एसआईटी के सामने पेश होंगे बादल : हरसिमरत
बेअदबी मामले में एसआईटी के बादल पिता-पुत्र को समन करने के मामले में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं लेकिन फिर भी जब समन मिल जाएंगे तो वह लोग एसआईटी के पास जाएंगे। कांग्रेस के राज में सरकारी अधिकारियों से उन्हें कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में दोबारा से 84 जैसा माहौल बन रहा है। अगर ऐसा ही रहा तो लोग पंजाब छोड़कर चले जाएंगे। अकाली दल की कोर कमेटी की ओर से किए गए फैसले पर हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि अगर कोई पार्टी का विरोध करता है तो पार्टी नियमों के अनुसार कार्रवाई कर सकती है।