विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन के राजपुरा दफ्तर के एसडीओ को 8000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसडीओ ने यह रिश्वत उपभोक्ता से घरेलू कनेक्शन पर लगे जुर्माने को कम करने के एवज में मांगी थी। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी एसडीओ के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विजिलेंस ब्यूरो पटियाला रेंज के एसएसपी पीपीएस हरप्रीत सिंह ने बताया कि राजपुरा के गणेश नगर के रहने वाले परमजीत सिंह ने शिकायत की थी कि उसके घरेलू बिजली कनेक्शन पर पावरकॉम राजपुरा दफ्तर ने 54 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। जिसे कम करने के एवज में पावरकॉम के राजपुरा दफ्तर का एसडीओ हरप्रीत सिंह निवासी अर्बन एस्टेट फेज-एक पटियाला आठ हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
इस सूचना के आधार पर शुक्रवार को विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दफ्तर में ही रिश्वत के 8000 रुपये लेते हुए एसडीओ को रंगे हाथों काबू कर लिया। टीम की अगुवाई विजिलेंस इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने की। जबकि इस मौके पर शेडो गवाह जूनियर सहायक दफ्तर कार्यकारी इंजीनियर वाटर सप्लाई एवं सीवरेज सुखविंदर सिंह और सरकारी गवाह उपमंडल इंजीनियर पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज मैकेनिकल उपमंडल पटियाला बलजीत सिंह रहे। विजिलेंस टीम के बाकी सदस्यों में एसआई प्रितपाल सिंह, एएसआई भुपिंदर सिंह, एसआई जगदीप सिंह, हवालदार कुंदन सिंह और विजय शारदा शामिल रहे।