चीफ इंजीनियर डीपीएस ग्रेवाल ने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन अप्लाई करते समय फोटो लगाना या फिर साइन करना भूल जाता है तो पावरकॉम अधिकारी बिजली कनेक्शन लगाए जाने के दौरान उपभोक्ता से बकाया रहती औपचारिकता को पूरा करेंगे। इससे उपभोक्ता के समय व पैसे की बचत भी होगी।
उन्होंने बताया कि घरेलू कनेक्शन के अलावा अन्य उपभोक्ताओं को 7 दिन के अंदर-अंदर सभी कागजात जमा करवाने होंगे। गैर-रिहायशी, एसपी व एमएस श्रेणी से संबंधित नया बिजली कनेक्शन अप्लाई करने वालों को फार्म समेत सभी दस्तावेज संबंधित ऑफिस में जमा करवाने होंगे।
पोर्टल पर डिस्पले होगा अधिकारी का फोन नंबर
पावरकॉम के ऑनलाइन पोर्टल पर पावरकॉम अधिकारी का नंबर भी डिस्पले होगा। जो हेल्प डेस्क के तौर पर उपभोक्ता के लिए काम करेगा। यदि किसी को नए बिजली कनेक्शन संबंधी जानकारी चाहिए होगी तो उक्त अधिकारी उसी समय पर्याप्त जानकारी उपलब्ध करवाएगा।
ऑनलाइन ही बढ़ा सकेंगे बिजली लोड
पावरकॉम की इस स्कीम के तहत यदि कोई उपभोक्ता अपना बिजली लोड बढ़ाना चाहता हो तो वह पीएसपीसीएल की वेबसाइट पर लोड भी बढ़ाने के लिए भी ऑनलाइन अप्लाई कर सकता है।
7 दिन में मिलेगा घरेलू कनेक्शन
चीफ इंजीनियर डीपीएस ग्रेवाल ने स्पष्ट किया कि जो भी उपभोक्ता इस स्कीम के तहत ऑनलाइन घरेलू बिजली कनेक्शन अप्लाई करता है उसे एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन जारी किया जाएगा।