चंडीगढ़। 610 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार आरोपी पूनम की बुआ को भी जिला अपराध प्रकोष्ठ ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सेक्टर-39 थाने में दर्ज एनडीपीएस के केस में अदालत में पेश नहीं हो रही थी। जिसके चलते अदालत ने उसका अरेस्ट वारंट जारी किया था। आरोपी की पहचान सेक्टर-38 निवासी बाला के रूप में हुई। पुलिस आरोपी को सोमवार को जिला अदालत में पेश करेगी। बता दें कि बाला भी शहर की नामी नशा तस्कर है।
जिला अपराध प्रकोष्ठ के प्रभारी नरेंद्र पटियाल की टीम ने आरोपी बाला को सेक्टर-25 से पकड़कर सेक्टर-39 थाने के हवाले कर दिया। सेक्टर-39 थाना ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी जुलदान सिंह ने बताया की बाला के खिलाफ एनडीपीएस और चोरी के कई केस दर्ज हैं। बाला एनडीपीएस के केस में जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद अदालत में पेश नहीं हो रही थी। जिसके चलते अदालत ने उसके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किए। आरोपी महिला जमानत के लिए हाईकोर्ट भी गई थी, लेकिन उसे जमानत नहीं मिली। जिला अपराध प्रकोष्ठ ने वीरवार को शहर की नामी ड्रग्स पेडल पूनम समेत दो लोगों को 610 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था।