घग्गर दरिया किसी समय साथ लगते गांवों के लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं था। लेकिन मौजूदा समय में वह उन्हीं लोगों के लिए अभिशाप बन चुका है। पंजाब के संगरूर जिले में कस्बा खनौरी से गुजरता घग्गर दरिया मौजूदा समय में दूषित हो चुका है। इस वजह से साथ लगते गांवों के लोग कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
उनके मवेशी भी जानलेवा बीमारियों की गिरफ्त में आ रहे हैं। हालांकि घग्गर के दूषित पानी को साफ करने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है, लेकिन उसका कोई फायदा लोगों को नहीं हो रहा है। यह खुलासा रविवार को खनौरी में घग्गर दरिया का जायजा लेने पहुंचे स्वस्थ पंजाब मंच के सदस्यों ने किया।
उल्लेखनीय है कि आज से पंद्रह साल पहले घग्गर दरिया के पानी को खनौरी क्षेत्र के किसान सिंचाई के लिए इस्तेमाल करते थे। लेकिन धीरे-धीरे इसमें फैक्ट्रियों की ओर से केमिकल युक्त पानी छोड़ना शुरू कर दिया गया, जिससे दिन प्रतिदिन घग्गर का पानी दूषित हो गया। अब हालात यह बन गए हैं कि किसानों ने इसे सिंचाई के लिए इस्तेमाल करना बंद कर दिया है।
घग्गर दरिया में फैक्ट्रियों का केमिकल घुलने के कारण मौजूदा समय में इसका पानी बिल्कुल काला पड़ गया है। बता दें कि दो साल पहले डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने यहां का दौरा करके लोगों को आगाह किया था कि घग्गर दरिया का पानी दूषित होने की वजह से अब इस्तेमाल करने योग्य नहीं रहा।
डॉक्टरों का कहना था कि इसके इस्तेमाल के कारण ही यहां के लोग गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हो रहे हैं। घग्गर दरिया के साथ खनौरी, सागरा, मतोली, गुरू नानक पुरा, बनारसी, चांदू, मंडवी, मकोरड़ साहिब जैसे कई गांव लगते हैं, जहां के लोग इस समय कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं।