अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। तरनतारन उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को होने मतदान के लिए जिला चुनाव कार्यालय ने सोमवार माई भागो कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नियुक्त पोलिंग स्टाफ की पहली रिहर्सल का आयोजन किया। इस रिहर्सल का जायजा लेने के लिए पंजाब के संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी सकतर सिंह बल विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस अवसर पर तरनतारन विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम गुरमीत सिंह भी मौजूद थे।
रिहर्सल के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने लगभग 1200 पोलिंग कर्मचारियों को ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट सहित मतदान दिवस की सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्हें मतदान के दिन की कार्यप्रणाली और सावधानियों से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर ईवीएम-वीवीपैट की मॉक ड्रिल करवाई गई, जिसमें सभी प्रत्याशियों (नोटा सहित) को कम से कम 5 वोट डालकर कुल 100 वोटों की डेमो प्रक्रिया के माध्यम से मशीन की कार्यप्रणाली समझाई गई। संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी सकतर सिंह बल ने कहा कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और तत्परता से निभाएं। पोलिंग स्टाफ की अगली रिहर्सल 2 नवंबर को आयोजित की जाएगी।