उन्होंने कहा निजी बिजली कंपनी ने एक पावर थर्मल प्लांट लगाने के लिए 25000 करोड़ के करीब पैसे खर्च किये थे, जब कि इस लागत से दुगने पैसे कंपनी ने पंजाब के खजाने से वसूल किये हैं। मान ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में आप की सरकार बनने पर 24 घंटे बिजली सप्लाई और 300 यूनिट बिजली प्रति महीना मुफ्त देने का एलान किया है।
बिजली पर शुल्क और सेस वापस ले सरकार: सुखबीर
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कांग्रेस सरकार से कहा है कि वह पंजाबियों को सस्ती बिजली 24 घंटे के लिए उपलब्ध कराएं, जैसा कि पूर्ववर्ती शिरोमणि अकाली दल सरकार दिया करती थी। उन्होंने कहा कि बिजली खरीद समझौतों पर सरकार राजनीति करने के बजाय बिजली पर शुल्क और सेस वापस लेने का काम करे।
शिअद अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और आप के नेता फिक्स बिजली के चार्ज पर राजनीति कर रहे हैं, हालांकि उन्हें सच्चाई पता थी कि यह चार्ज निजी और सरकारी थर्मल प्लांट्स और जो बिजली राज्य के बाहर से खरीदी गई, उन पर लागू होती है। उन्होंने कहा कि निजी थर्मल प्लांटस के लिए फिक्सड चार्ज 1.50 रुपये प्रति यूनिट था, जबकि बंद होने पर सरकारी थर्मल प्लांट्स को 2.35 रुपये का भुगतान किया गया था।
पंजाब ने राज्य बिजली रेगुलेटरी कमीशन के आंकड़ों के अनुसार पिछले पांच वर्षों के दौरान सरकारी थर्मल प्लांटों को 7000 करोड़ रुपये का फिक्सड चार्ज का भुगतान किया है। सुखबीर ने कहा कि पंजाबियों को सस्ती बिजली दी जानी चाहिए, अगर तीनों निजी थर्मल प्लांट की कंपनियों के साथ किए गए निजी खरीद समझौतों (पीपीए) को रद्द करके यह संभव हो तो इसे रद्द किया जाना चाहिए। कैप्टन को सस्ती दरों पर 4500 मेगावाट बिजली की कमी को कवर करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए, ताकि इस कदम के कारण पंजाबियों को परेशानी न हो।
कांग्रेस ने सूबे को बिजली संकट में डाला: सांसद हरसिमरत कौर बादल
सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि जहाज एवं साइकिल बनाने की फैक्टरी लगाने का वादा कर चुनाव जीतने वाले वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने तो थर्मल ही बंद करवा दिया। सांसद ने दावा किया शिअद सरकार ने सूबे को बिजली संकट से निकालकर बिजली सरप्लस पर ला खड़ा किया था लेकिन कांग्रेस सरकार ने चार वर्षों में फिर से प्रदेश को बिजली संकट में धकेल दिया।
सांसद बादल ने कहा कि जब शिअद सरकार ने निजी कंपनियों के साथ बिजली समझौता किया था तब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और केंद्र सरकार के आदेश अनुसार ही समझौता किया गया था। लेकिन आप एवं कांग्रेस के नेता शिअद को बदनाम कर राजनीति कर रहे हैं।
हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंदर केजरीवाल ने चुनाव जीतने के मकसद से पंजाब के लोगों से 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया है। अगर केजरीवाल ऐसा कर सकते हैं तो वे पहले दिल्ली के लोगों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दें।