केरल और कोलकाता स्टडी टूर पर जाने के लिए कांग्रेस पार्षदों के इनकार करने के बाद मंगलवार को मेयर राजेश कालिया ने कुछ पार्षदों को निगम बुलाया। साथ ही उनसे टूर पर न जाने का कारण पूछा। मेयर ने कहा कि टूर की तैयारियों से पहले ही सभी से पूछा गया था, तब सभी ने सहमति जताई थी। अब अचानक इनकार करके राजनीति न करें।
केरल और कोलकाता स्टडी टूर को लेकर हंगामा शुरू हो गया है। सभी पार्षदों को 21 से 26 दिसंबर तक टूर पर जाना है। जैसे ही टूर पर जाने की चर्चाएं तेज हुईं तो बिना एजेंडे के टूर प्लान को लेकर विवाद शुरू हो गया। वहीं देवेंदर सिंह बबला समेत अन्य कुछ कांग्रेस पार्षदों ने टूर पर जाने से इनकार कर दिया। हंगामा बढ़ा तो मेयर ने कांग्रेस पार्षदों को निगम बुलाया। कुछ पार्षदों ने पहुंचकर मेयर से बात भी की। मेयर का कहना है कांग्रेस पार्षद तो जाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने मना किया है क्योंकि टूर प्लान करते समय सभी पार्षदों ने सहमति जताई थी। हालांकि अभी केवल 20 पार्षदों ने ही जाने के लिए सहमति दी है। इसमें चार मनोनीत पार्षद हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि भाजपा पार्षदों में आपसी सहमति ही नहीं है। हालांकि मेयर का कहना है कि निजी कारणों से कुछ पार्षद नहीं जा पा रहे हैं।