लुधियाना पुलिस लाइन में बतौर गार्द तैनात पंजाब पुलिस का हेड कांस्टेबल अपनी एसएलआर के रौंद गिनने के लिए हथियार देखने लगा। इसी दौरान एसएलआर नीचे गिर गई और गोली चलने से मुलाजिम घायल हो गया। घायल हेड कांस्टेबल की पहचान हरमनदीप सिंह (34) के रूप में हुई है।
गोली चलने की आवाज से पुलिस लाइन में भगदड़ मच गई। जब अधिकारियों को पता चला कि गोली हरमनदीप को लगी है तो उसे तुरंत डीएमसी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल जगरांव में रहता है और 2011 में भर्ती हुआ था। उसकी ड्यूटी पुलिस लाइन में थी और शुक्रवार की सुबह वह ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान वह अपने पास रखी एसएलआर को रौंद गिनने के लिए उठाने लगा तो एसएलआर नीचे गिर गई और गोली चल गई।
गोली चलते ही उसके कंधे पर लगी और हरमन वहीं गिर गया। इसके बाद वहां बाकी मुलाजिम पहुंचे तो उन्होंने हमरन को घायल देखा। थाना डिवीजन आठ के एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि हरमन की हालत खतरे से बाहर है। बाकी जांच की जा रही है।