चंडीगढ़। 2 जून को सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में दोनों शूटर अमरजीत उर्फ टोपी और देवेंद्र उर्फ चावला का तीन-तीन दिन का प्रोडक्शन वारंट खत्म होने के बाद मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपियों का पहले पांच और फिर तीन तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया था। दोनों शूटरों वारदात के करीब डेढ़ महीने बाद कुरुक्षेत्र की सीआईए टीम ने 19 जुलाई को गिरफ्तार किया था। शूटर टोपी पर पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में करीब 10 मामले जबकि दविंदर चावला पर 13 मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार 2 जून की रात सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके पर आरोपी ताबड़तोड़ फायरिंग करके फरार हो गए थे। वारदात में ठेके पर काम करने वाले राजेश के बाजू में दो गोलियां लगीं। वहीं अन्य दो कारिंदे मदन व पवन दुकान में लगा शीशा टूटने से जख्मी हुए थे। वहीं ठेका मालिक राम अवतार बत्रा के रिश्तेदार अंकुर नारंग को भी गोलियां लगीं। पुलिस की जांच में दोनों शूटर दविंदर और टोपी आरोपी थे। वारदात के बाद से चंडीगढ़ पुलिस और क्राइम ब्रांच इनकी धरपकड़ के लिए पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग ठिकाने पर छापेमारी कर रही थी लेकिन पुलिस को इनके बारे में कोई सुराग नहीं मिला था। हालांकि बाद में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होंडा अमेज कार को जगाधरी से बरामद कर शूटरों की मदद करने वाले आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था।