चंडीगढ़। इंदिरा कॉलोनी के पार्कों में पुलिस ने नशा करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। आईटी पार्क थाना पुलिस ने पार्कों और ग्रीन बेल्ट में लगातार जांच पड़ताल तेज कर दी है। थाना प्रभारी मिनी भारद्वाज खुद मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी कर रही हैं।
पुलिस टीम पार्कों में बैठे युवाओं से पूछताछ कर रही है। उनसे उनके नाम-पते और यहां आने का कारण पूछा जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर युवाओं की जांच भी की जा रही है। थाना प्रभारी मिनी भारद्वाज ने बताया कि यह अभियान पिछले दो दिनों से चल रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल नशा करने वालों की पहचान करना नहीं है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उन्हें नशीला पदार्थ कहां से मिल रहा है। युवाओं से जानकारी लेकर पुलिस नशा बेचने वालों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इस कार्रवाई से पार्कों में संदिग्ध रूप से बैठने वाले युवाओं में हड़कंप है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की है।
पार्षद ने उठाया था मुद्दा
वार्ड नंबर-4 की पार्षद और डिप्टी मेयर सुमन शर्मा ने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने पुलिस-पब्लिक मीटिंग में इंदिरा कॉलोनी के पार्कों में नशा करने वाले युवाओं का जिक्र किया था। सुमन शर्मा ने पुलिस अधिकारियों से प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि नशे की गिरफ्त में युवा अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं।
पार्षद द्वारा उठाए गए मुद्दे और अमर उजाला की खबर के बाद कार्रवाई तेज हुई है। स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी मिनी भारद्वाज की मौके पर निगरानी को सराहा है। लोगों का मानना है कि नियमित गश्त और जांच से नशा करने वालों पर अंकुश लगेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा सप्लाई करने वालों तक पहुंचने की उम्मीद है।