चंडीगढ़। कैंबवाला में पति द्वारा पत्नी को चाकू घोंपने की सूचना मिलने पर पुलिस दौड़ पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय निवासी घायल निर्मला को तुरंत जीएमएसएच-16 पहुंचाया। जहां पुलिस की जांच में सामने आया कि झगड़े के दौरान महिला को चाकू नहीं बल्कि लकड़ी के बॉक्स में लगे लोहे की पत्ती से चोट लगी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि कैंबवाला स्थित झुग्गियों के पास पति ने पत्नी को चाकू से लहूलुहान कर दिया है। सूचना पर कैंबवाला बीट बॉक्स में तैनात नवीन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान देखा कि महिला के हाथों से खून निकल रहा था। इसके बाद पीसीआर की मदद से महिला को जीएमएसएच-16 पहुंचाया गया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि महिला का पति विनोद शराब पीने का आदी है। वह दोपहर को पत्नी के द्वारा रखे गए गैस सिलिंडर के रुपये शराब पीने के लिए मांगने लगा। इस कारण दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। तभी वहां रखे एक लकड़ी के बॉक्स में लगी लोहे की पत्ती से निर्मला के हाथ में चोट लग गई। इस पर आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। फिलहाल इस मामले में महिला ने पुलिस को शिकायत देने से इनकार कर दिया है।