पिंजौर। सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास पर पुलिस ने जंगल में एक गहरे गड्ढे से एक युवक का शव बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक स्कूटी भी बरामद की है। आशंका जाहिर की जा रही है कि बरामद शव इंदिरा कालोनी से लापता युवक राजीव गुप्ता का है। हालांकि बच्चू सिंह थाना प्रभारी पिंजौर ने शव राजीव गुप्ता के होने की पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि मामले की जांच चल रही है।मौके से मिली जानकारी की अनुसार शनिवार को सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास से करीब 30 मीटर दूर जंगल में करीब 30 फुट गहरे गड्ढे में से पोकलेन की सहायता से जमीन से दफनाए शव को बाहर निकाला। मौके पर सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजीव गुप्ता के लापता होने के मामले में जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर जब उनसे सख्ती से पूछताछ की तो सामने आया कि आरोपियों ने युवक को मार कर उसको सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास की समीप दफना दिया है। आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए सूरजपुर सुखोमाजरी बाईपास को चुना क्योंकि यह बाईपास सुनसान क्षेत्र में है और इस बाईपास से अभी वाहनों की आवाजाही ज्यादा नहीं है और रोड के आसपास वन क्षेत्र है। इसके अलावा कई फुट गहरी खाई भी है। शव दफनाने की जगह देखने पर ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपियों ने शव को जमीन खोद कर नहीं दफनाया बल्कि 30 फुट गहरी खाई में फेंक दिया और बरसात के चलते शव कई फुट गहरी मिट्टी के नीचे दब गया।शव को जमीन से निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और पोकलेन की सहायता से शव को मिट्टी से निकाला। मौके से एक स्कूटी बरामद हुई है।अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है। जांच के बाद जानकारी दी जाएगी। बच्चू सिंह थाना प्रभारी पिंजौर