जिले के नए एसएसपी इंदर मोहन सिंह ने सोमवार को प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स स्थित दफ्तर पहुंच कर अपना कार्यभार संभाला। इससे पहले वह एसएसपी रोपड़ के पद पर तैनात थे। राज्य सरकार द्वारा मोहाली के एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर का तबादला बठिंडा करने के बाद इंदर मोहन सिंह को मोहाली भेजा गया था।
इंदर मोहन सिंह पहले भी मोहाली में तैनात रह चुके हैं। वर्ष 2006 में जब मोहाली को जिला बनाया गया था, तब वह जिले के पहले एसपी हेडक्वार्टर व एसपी ट्रैफिक के पद पर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोहाली उनके लिए नया नहीं है, वह जिले के हालात से वाकिफ हैं। उन्होंने पुलिस और पब्लिक के दोस्ताना रिश्तों को और मजबूत करने के लिए पूरा प्रयास करेंगे।
पुलिस को लोगों के सामने जवाबदेह बनाया जाएगा। जिले में नशों के कारोबार में लगे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था व शांति कायम रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
एसएसपी इंदर मोहन निर्धारित समय सुबह 11.30 बजे दफ्तर पहुंच गए थे। उसके बाद अधिकारियों से मिलने का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान शहर के तमाम लोग भी उनका स्वागत करने पहुंचे।
अकाली दल बीसी विंग के जिला प्रधान व पूर्व पार्षद गुरमुख सोहल ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। उनके साथ प्रो. मेहर सिंह मल्ली, पूर्व पार्षद आरपी शर्मा, भूपिंदर सिंह, जसमीत सिंह भी थे।