चंडीगढ़ शहर की पुलिस भले ही स्मार्ट हो लेकिन जमीनी हकीकत है कि स्मार्ट सिटी में पुलिस की अपनी चौकियां नहीं हैं। थाने भी अस्थायी चल रहे हैं। उधार के हवालात में कैदियों को बंद करना पड़ता है और खुद पुलिसकर्मियों को बैठने के लिए किराये के भवनों का सहारा लेना पड़ रहा है। शहर के कई थाने और चौकियों का संचालन सरकारी मकानों, शोरूम और टीनशेड से हो रहा है।
हालांकि मौलीजागरां और आईटी पार्क में बने अस्थायी थाने अब शिफ्ट होने जा रहे हैं जिसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। लगभग सवा साल में दोनों थाने तैयार हो जाएंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कई थानों के निर्माण के नक्शे बन चुके हैं और जल्द ही इन पर काम शुरू हो जाएगा। अस्थायी रूप से चल रहीं चौकियों को भी स्थायी बनाया जाएगा।
टीन शेड में बना थाना होगा सबसे एडवांस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों थाने पूरी तरह हाईटेक और एडवांस होंगे। उनमें वुमन डेस्क, साइबर डेस्क, हवालात, आईओ रूम और मुलाजिमों के मनोरंजन के लिए मनोरंजन कक्ष व मैदान भी बनेगा। मौलीजागरां थाना मौली कांप्लेक्स में लगभग पौना एकड़ में बनेगा। वहीं टीन शेड में चल रहा आईटी पार्क थाना उसी जगह पर बनेगा जो सबसे हाईटेक और एडवांस्ड होगा। डिजाइन में वह आईटी कंपनी जैसा दिखेगा। एक अधिकारी ने बताया कि इस थाने में जिम और लेडीज रूम तक बनेंगे। वर्तमान में आईटी पार्क थाने में हवालात तक नहीं है। कई थाने और चौकियों में हवालात तक नहीं है। वुमन थाना, ईओडब्ल्यू के पास हवालात नहीं है। ऐसे में यदि कोई गिरफ्तारी होती है तो उसे दूसरे थाने में बंद करना पड़ता है।
जब्त वाहनों को खड़ा करने की जगह भी नहीं
जब्त वाहनों को खड़ा करने की भी जगह नहीं है। शहर के कई थानों और चौकियों में जब्त वाहन खड़े करने के लिए जगह न होने के कारण मुलाजिमों को अपने निजी वाहन बाहर खड़ा करने पड़ते हैं। कई थाने अस्थायी और बहुत छोटे स्थानों में बनाए हैं। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए मकानों की हालत भी काफी खस्ता है। पुलिसकर्मी जान हथेली पर रखकर इन मकानों में रह रहे हैं। विभाग के पास फंड की कमी न होने के बावजूद ये हालात बने हैं।
सारंगपुर थाना: सारंगपुर कॉलोनी के हाउसिंग बोर्ड के मकान में चल रहा है।
सेक्टर-22 चौकी: सरकारी मकान में बनी हुई है।
सेक्टर-61 चौकी: मार्केट के शोरूम में चल रही है।
आईटी पार्क थाना : टीनशेड में चल रहा है।
मौलीजागरां थाना : अस्थायी और छोटा बना है।
सुखना लेक चौकी : एक छोटे से कमरे में कार्य कर रही है।
साइबर क्राइम थाना : सेक्टर-17 थाने की इमारत में संचालित है।
सेक्टर-17 इमारत में ही होमगार्ड, वुमन थाना और ईओडब्ल्यू चल रहे हैं - तीनों में हवालात नहीं हैं।
सेक्टर-49 थाना : सामुदायिक केंद्र में चल रहा है।
मलोया थाना : मलोया चौकी में ही बना दिया गया था जो काफी छोटा है।
पीओसेल : सारंगपुर थाने में चल रहा है।
एएनटीएफ क्राइम ब्रांच: उसी में चल रही है।
पहले थे 11 थाने, बढ़कर हो गए थे 16
शहर में पहले 11 थाने थे जो बाद में बढ़कर 16 हो गए। इनमें से सेक्टर-49 थाना, सारंगपुर थाना (पहले धनास चौकी), मलोया थाना (पहले चौकी), और मौलीजागरां थाना पहले चौकी हुआ करती थी। आज भी ये थाने अस्थायी ही हैं और इनमें जगह की कमी बड़ी समस्या है। वुमन सेल को थाने में तब्दील कर दिया। फिर भी वही इमारत साझा की जा रही है। साइबर क्राइम के सबसे अधिक मामलों के बावजूद साइबर सेल के लिए समर्पित सुविधाएं अभी पूरी तरह नहीं मिली हैं।