पंचकूला डीसीपी कार्यालय की रीडर ब्रांच में तैनात हेडकांस्टेबल बलकार सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह सड़क हादसा बीती रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। उस समय बलकार सिंह अपनी पत्नी को पंचकूला के एक अस्पताल से दिखाकर वापस लौट रहे थे। हादसा पंचकूला के गांव मोगीनंद के समीप हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के सामने हुआ।
बलकार सिंह को हिमाचल प्रदेश नंबर के एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी, इसके बाद उनकी बाइक लड़खड़ा गई और ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बलकार सिंह मधुबन में छह माह की हेडकांस्टेबल की ट्रेनिंग के लिए गए थे और 28 जुलाई को लौटे थे। जिस समय हादसा हुआ उस समय बलकार सिंह, उनकी पत्नी सुमन और पांच वर्ष की बेटी उनके साथ बाइक पर बैठी थी। मूलरूप से बलकार सिंह कैथल के गांव करोला के रहने वाले थे। इस मामले में पुलिस को दुर्घटना की जानकारी बलकार सिंह के पीछे बाइक से आ रहे उनके साले गुरमीत ने दी। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और बलकार को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।