चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 में सोमवार देर रात आईसीयू में मरीज की मौत के बाद परिजनों की ओर से की गई तोड़फोड़ और मारपीट मामले में 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह आरोपियों की पहचान करने में जुटे हैं।जीएमसीएच-32 के ब्लॉक सी के तीसरे तल पर बने आईसीयू में बेड नंबर 5 पर राकेश कुमार नाम का एक मरीज भर्ती था।
इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई थी। इसके बाद देर रात तीन लोग आईसीयू में शराब के नशे में पहुंचे और स्टाफ से बदतमीजी करने लगे। स्टाफ ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी को बुलाकर तीनों को बाहर निकालने को कहा। सुरक्षाकर्मी तीनों को बाहर लेकर गया, इस बीच एक ने सुरक्षाकर्मी के हाथ पर चाकू मार दिया। वहीं, एक व्यक्ति आग बुझाने वाला सिलिंडर उठाकर सुरक्षाकर्मी की तरफ भागा। यह देख सुरक्षाकर्मी मरीजों को खाने बांटने वाली कैंटीन में घुस गया। गुस्साए परिजन ने गेट में लगे कांच को सिलिंडर से तोड़ दिया। बाद में सूचना पर पुलिस पहुंची। उसके बाद सुरक्षाकर्मी की मरहम पट्टी की गई। मंगलवार को सुरक्षाकर्मी ने अस्पताल प्रशासन को भी शिकायत दी और पुलिस में भी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। हालांकि पुलिस के हाथ अभी तक खाली है।