Stepmother brutality assaults 5-year-old
- फोटो : File Photo
पांच साल की मासूम को बोरी में बंद कर पीटने वाली सौतेली मां के खिलाफ पुलिस ने जिला अदालत में करीब 250 पेज का चालान दायर कर दिया है। पुलिस ने सौतेली मां जसप्रीत कौर के खिलाफ आईपीसी की धारा 308, 323 और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट 75 के तहत चालान दायर किया है। पुलिस ने केस में 25 गवाह बनाए हैं। अगली सुनवाई एक फरवरी को होगी। बता दें कि जिला अदालत से आरोपी की जमानत याचिका दो बार खारिज हो चुकी है।
पिछले साल दिसंबर महीने में मामला उस समय चर्चा में आया, जब बच्ची के भाई के बनाए दो वीडियो वायरल हुए। इसमें एक वीडियो में जसप्रीत को बच्ची को बोरी में बंद कर और दूसरे में उसे बुरी तरह पीटते दिख रहा था। इसके बाद बच्ची के पिता ने पुलिस में शिकायत दी थी।
इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने सौतेली मां जसप्रीत कौर के खिलाफ 3 दिसंबर को केस दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी को 7 दिसंबर को सेक्टर-27 से गिरफ्तार किया था। बाद में अदालत के आदेश पर केस में अतिरिक्त धारा 308 जोड़ी गई थी। पुलिस की ओर से केस में बनाए मुख्य गवाहों में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की चेयरपर्सन संगीता वर्धान, जीएमसीएच-32 से रंजीत कौर, सब इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह और कांस्टेबल यशपाल आदि शामिल हैं।