पत्नी रजनी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने एडवोकेट मनमोहन को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले ही पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपी मोनिका और उसके जीजा संदीप को शुक्रवार को सात दिनों के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी पति को रविवार को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लेगी। आरोपियों को डेढ़ लाख की सुपारी देने का लालच देकर हत्या की साजिश रची गई।
दरअसल, इस हत्या की आशंका उस वक्त और गहराने लगी थी जब 16 जनवरी से लापता रजनी की जूती मिलने सहित एक प्रत्यक्षदर्शी ने दो दिन पहले वहां पर एक महिला की लाश देखे जाने की बात कही थी। लाश देखने की जैसे ही पुलिस को भनक मिली, गुमशुदा रजनी की तलाश में पुलिस ने डंपिंग ग्राउंड के पास झाड़ियों में तलाशी के बाद वहां खुदाई भी की गई। खुदाई के बाद एक कुत्ते का शव बरामद हुआ था, जिसे दबाने के पीछे भी आरोपियों का ही हाथ है, जिसका खुलासा पूछताछ में होगा।
तलाक के एक मामले में मनमोहन की मुलाकात बुलंदशहर के पास सिकंदराबाद निवासी मोनिका से हुई। मोनिका फिलहाल मनीमाजारा में रहती थी, जबकि उसका जीजा ट्रक ड्राइवर संदीप मूल रूप से कैथल निवासी है। हत्या की साजिश के तहत ट्रक ड्राइवर को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देने का भरोसा भी दिया था। 16 जनवरी से गायब रजनी की हत्या मोनिका और उसके जीजा ने कर दी थी। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मनमोहन के कहने पर ही उन्होंने रजनी की हत्या की थी।