देश के 69वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पटियाला के यादविंदरा पब्लिक स्कूल के स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज लहराया। इस मौके पर सीएम ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट से सलामी ली।
इस अवसर पर कैप्टन ने महात्मा गांधी सरबत विकास योजना का आगाज करते हुए पंजाब के जरूरतमंदों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देने की शुरुआत की। साथ ही उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की पुरानी आटा दाल योजना के लिए नीले कार्डों को रद्द करते हुए इनके स्थान पर स्मार्ट कार्ड जारी किए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पटियाला शहर व जिले के ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए 50 करोड़ के प्रोजेक्टों की घोषणा भी की। जबकि इससे पहले भी वे यहां के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों की शुरुआत कर चुके हैं।
इससे पहले पंजाब वासियों के नाम अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने किसानों को से कहा कि वह आत्महत्या न करें, सरकार उनके साथ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंजाब सरकार बदतर अर्थिक हालत के बावजूद नवंबर 2018 तक सभी 17 लाख किसानों को सरकार की कर्ज माफी स्कीम का लाभ देगी। अब तक 10 लाख 25 हजार किसानों को दो लाख रुपये तक के कर्ज की माफी का लाभ दे दिया गया है। मुख्यमंत्री ने ‘महात्मा गांधी सरबत विकास योजना’ को लागू करते हुए बताया कि इसके तहत सरकार की विभिन्न 20 योजनाओं का लाभ लगभग दो लाख लोगों को मिलने लगेगा।
उन्होंने अकाली दल को पंजाब की अर्थ व्यवस्था को तबाह करने वाला बताते हुए कहा कि जब उन्होंने 2007 में सत्ता छोड़ी थी, तब राज्य पर केवल 46 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था परंतु अकाली भाजपा सरकार की अनुचित नीतियों की वजह से यह कर्ज बढ़कर 20 लाख 8000 करोड़ रुपये पहुंच गया है। उन्होंने घोषणा की है कि सरकार ने फैसला किया है कि अनुसूचित जातियों और पिछड़ीं श्रेणियों के बैंकफिंको से लिए गए कर्ज में से 50-50 हजार रुपये माफ किए जाएंगे।
आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मियों सहित 74 सम्मानित
Captain Amarinder Singh
- फोटो : अमर उजाला
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आटा दाल योजना के पुराने नीले कार्डों को रद्द करते हुए खाद्य एंव आपूर्ति विभाग की तरफ से जारी किए गए स्मार्ट कार्डों बारे बताया कि इनसे राशन वितरण में पारदर्शिता और कुशलता आएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में करीब 36 लाख लाभार्थी परिवारों को 16738 राशन डिपुओं के माध्यम से सस्ता राशन वितरित किया जाता है। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय विदेश राज मंत्री परनीत कौर, मुख्यमंत्री के सलाहकार भरतइंद्र सिंह चहल, मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल, विधायक राजपुरा हरदयाल सिंह कंबोज, विधायक घन्नौर मदन लाल जलालपुर मौजूद रहे।
आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मियों सहित 74 सम्मानित
पटियाला। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पटियाला के वाईपीएस स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर पंजाब पुलिस के 6 अधिकारियों व कर्मियों को शानदार सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री मेडल और 2 कर्मियों को मुख्य मंत्री रक्षक पदक प्रदान किए। इस के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में प्रशंसनीय कार्य करने वाले 66 लोगों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने एसएसपी खन्ना नवजोत सिंह माहल, एसएसपी बटाला उपिंदरजीत सिंह घुम्मन, डीएसपी नाभा चंद सिंह, स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर के इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह और पंजाब पुलिस के चयन सेल के सब इंस्पेक्टर बलविन्दर सिंह को शानदार सेवाओं बदले मुख्यमंत्री मेडल और लुधियाना के सहायक थानेदार सुरजीत सिंह और सिपाही गुरदास सिंह को मुख्यमंत्री रक्षक पदक के साथ सम्मानित किया। उन्होंने अमेरिका के पहले नोबल पुरस्कार विजेता अल्बर्ट ए माइकलसन के काम में गंभीर त्रुटि तलाश कर संशोधन करने वाले प्रो. विद्वान सिंह सोनी, गुर्दे के मरीजों को बिना किसी लाभ से सेवाएं देने वाले डा. सरबजीत सिंह, काया कल्प कार्यक्रम स्वच्छ भारत के अंतर्गत सरकारी डिस्पेंसरी ने पंजाब में दूसरा स्थान हासिल करने पर माता कौशल्या अस्पताल की डा. परनीत कौर, नेत्र रोग विशेशज्ञ डा. वरिंदर कुमार गर्ग को भी सम्मानित किया।