भइया दूज की रात को रेलवे इन्क्वायरी नंबर 139 पर फोन कर रेलवे स्टेशन लुधियाना को उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को सीआईए टू की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में रेलवे इंक्वायरी नंबर पर फोन कर स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी थी।
आरोपी की पहचान बिहार के जिला वैशाली स्थित समेहगंज निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। आरोपी पिछले पांच साल से मोहाली के गांव घड़ुआं में रहता था। पुलिस ने आरोपी को मोहाली के गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि 29 अक्तूबर की रात को रेलवे इन्क्वायरी नंबर 139 पर किसी ने फोन कर धमकी दी कि कुछ समय में लुधियाना रेलवे स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा। जिसके बाद पुलिस ने कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी, कई थानों की पुलिस फोर्स जीआरपी के मुलाजिम और डॉग स्क्वायड और कई टीमों के साथ पहुंचे।
रेलवे स्टेशन पर बम की अफवाह मिलते ही यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। रेलवे स्टेशन के बाहर भी लोग खड़े हो गए। पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर चप्पा चप्पा छान मारा, लेकिन कुछ नहीं मिला। जब पुलिस ने नंबर को ट्रेस कराया तो पता चला कि नंबर पंकज चला रहा है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पंकज पिछले पांच साल से पंजाब में रह रहा है और मक्खियों में से शहद निकालने का काम करता है।
पुलिस ने आरोपी का पता लगा उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। 29 अक्तूबर को भी शराब के नशे में ही उसने रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।