चंडीगढ़। पंजाब के दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में भारी चूक पर वीरवार को प्रदेश भाजपा ने पंजाब सरकार के खिलाफ मशाल यात्रा निकाली। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय की तरफ कूच किया और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ नारेबाजी की।
सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय से मशाल यात्रा शुरू हुई। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-35 कांग्रेस कार्यालय की तरफ कूच किया, लेकिन पुलिस ने सेक्टर-34 में ही सभी को रोक लिया। यहां कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक पंजाब सरकार का निकम्मापन है। नरेंद्र मोदी पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं, उनके आने जाने का रूट हमेशा क्लीयर होता है लेकिन बीस मिनट तक उनको रोके रखना, किसी साजिश का अहसास कराता है। 20 मिनट तक प्रधानमंत्री का काफिला रोक कर रखना पूरे देश का अपमान है। सूद ने कहा कि इस संबंध में रोष प्रदर्शन के साथ पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक को ज्ञापन भी दिया जाएगा। इस यात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष राम लाल, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन, गुरप्रीत सिंह ढिल्लों, शिप्रा बंसल, कार्यालय सचिव दीपक मल्होत्रा, देवी सिंह, गजेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष डॉ. नरेश पांचाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता धवन, युवा मोर्चा अध्यक्ष विजय राणा समेत अन्य उपस्थित रहे।