अब की नवरात्र में माता मनसा देवी के दरबार में माथा टेकने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आ सकते हैं। श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खासतौर से निमंत्रण भेजा है। बोर्ड को पीएमओ से जवाब का इंतजार है।
इसके अलावा नवरात्र मेले का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करेंगे, जबकि समापन पंजाब-हरियाणा के गवर्नर कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे। नवरात्र मेले को खास बनाने के लिए श्राइन बोर्ड ने बॉलीवुड गायिका अनुराधा पोडवाल, उनकी बेटी कविता पोडवाल और जागरण किंग नरेंद्र चंचल को आमंत्रित किया है।
यह जानकारी सोमवार को हुई श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की बैठक में दी गई है। बोर्ड के सीईओ वीजी गोयल ने बताया कि आठ अप्रैल से शुरू होने वाले नवरात्र मेले के लिए पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि बॉलीवुड कलाकार हेमा मालिनी को निमंत्रित करने का मामला अभी पेंडिंग है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल नवरात्र मेले का आठ अप्रैल को उद्घाटन करेंगे और हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी इसका समापन करेंगे।
उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी के लिए पुलिस चौकी को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। उनके अनुसार स्टेट बैंक आफ इंडिया द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे कि श्रद्धालुओं को गर्मी से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि सोमवार को यह मीटिंग हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी डीएस ढेसी की अध्यक्षता में हुई।