एडवाइजर मनोज परिदा ने कहा कि प्रशासन ने सेक्टर-30बी और बापूधाम कॉलोनी पर खासतौर पर नजर बनाए हुए है। यहां पर लगातार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बाहर निकल रहे लोगों पर नजर रखने के लिए अब एरिया में सीसीटीवी लगाए जाएंगे और ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
बेवजह बाहर घूमने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि पूरे एरिया को सील करने के अलावा बापूधाम में सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए स्थानीय नेताओं व वॉलंटियर्स की भी मदद ली जाएगी। पुलिस को इलाके में रेगुलर तौर पर पेट्रोलिंग करने के भी आदेश दिए हैं, ताकि कर्फ्यू की सख्ती से पालना की जा सके।
पोस्ट लॉकडाउन प्लान में हो एमपी, आरडब्ल्यूए व अन्य की सलाह
बैठक में वित्त सचिव एके सिन्हा ने कहा कि पोस्ट लॉकडाउन के लिए तैयारी चल रही है। प्रशासक ने उन्हें सलाह दी कि इस प्लान के लिए सांसद किरण खेर, चुने हुए जनप्रतिनिधि, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और एडवाइजरी काउंसिल के सदस्यों से भी बातचीत करें।
सभी से बातचीत के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि इसके आधार पर ही 3 मई के बाद कर्फ्यू को आगे बढ़ाने व खत्म करने को लेकर फैसला लिया जा सके। स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि शहर में अभी कुल 56 केस हैं, जिनमें से 39 केस अभी भी एक्टिव हैं। नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने बताया कि गर्मियों के दौरान पानी की समस्या न हो, इसलिए उचित प्रबंध किए जा रहे हैं।