हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) ने सेक्टर-15 में गर्ल्स स्कूल के सामने डेरा सच्चा सौदा को दो हजार वर्ग मीटर का प्लॉट अलॉट किया है। पंजाबी एकता मंच को भी इतनी ही जगह अलॉट की गई है।
जून माह में हुडा ने सामाजिक स्थलों के लिए जगह अलॉट करने के लिए आवेदन मंगवाए थे, जिसके तहत ये प्लॉट अलॉट किए गए हैं। एक प्लॉट की कीमत करीब सवा करोड़ है, जो 99 वर्षों के लिए लीज पर दिया जाएगा।
अब तक पंजाबी समुदाय के लिए पंचकूला में कोई भवन नहीं था, जिससे धार्मिक या सामाजिक आयोजनों में परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
माना जा रहा है चुनाव से पहले प्रदेश सरकार के इस फैसले का पंजाबी वोटरों का ध्रुवीकरण करने में भी फायदा मिलेगा। पंचकूला से टिकट की दौड़ में पंजाबी समुदाय के भी तीन दावेदार हैं।
दरअसल, जून माह में हुडा ने प्लॉट के लिए आवेदन मंगवाए थे, जिसके लिए 11 समुदायों की ओर से आवेदन किए गए थे।
इनमें से दो के नाम बुधवार को पत्र जारी कर दिया गया। हुडा ने भी इस आदेश को अग्रसारित कर दिया है, जिससे पंजाबियों में खुशी की लहर है।
पंजाबी एकता मंच और डेरा सच्चा सौदा के लिए 2000-2000 वर्ग मीटर के प्लॉट अलॉट करने को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही इस बारे में अन्य औपचारिकताएं भी पूरी कर ली जाएंगी।
- गुरमीत सिंह, संपदा अधिकारी, हुडा