शहर के खिलाड़ियों ने शनिवार को खेल सेंटरों पर अभ्यास किया। दो महीने बाद खिलाड़ियों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली। इस दौरान सभी खिलाड़ी मास्क लगाकर पहुंचे। खिलाड़ियों की थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइज के बाद स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में एंट्री की गई। इस दौरान कोच और स्टाफ की ओर से खिलाड़ियों को कोरोना वायरस के बचाव से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
सीएलटीए में सुबह 10 बजे शुरू हुआ सेशन
चंडीगढ़ लॉन टेनिस स्टेडियम (सीएलटीए) सेक्टर 10 में सुबह का सेशन 7.30 से 10.30 बजे तक चला। इस सेशन में सीएलटीए की ओर से आएटा लेवल के खिलाड़ी केलविन गोलमई, नाव्या शर्मा, सार्थक गांधी और अर्णव पहुंचे। हर कोर्ट पर आमने सामने एक-एक खिलाड़ियों ने ही अभ्यास किया। डबल्स खिलाड़ी को खेलने की इजाजत नहीं थी। दूसरा सेशन 3.30 बजे शुरू हुआ। इसमें 10 वर्ष से ऊपर के युवा टेनिस खिलाड़ी पहुंचे।
यह भी पढ़ें- लालच की इंतहा... मजदूरों के पास नहीं थे पैसे, घर से मंगवाकर भरवाया तीन महीने का किराया
आरोग्य सेतु एप दिखा खिलाड़ियों को मिली एंट्री
सेक्टर- 38 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 10 स्टेट लेवल के खिलाड़ियों को बुलाया गया था। चीफ कोच सुरेंद्र महाजन ने खिलाड़ियों के फोन पर आरोग्य सेतु एप को चेक किया। इसके बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया। सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे इसके लिए दस फिट की दूरी पर बने बैडमिंटन कोर्ट पर सिंगल- सिंगल खिलाड़ियों ने कुछ समय के लिए अभ्यास किया।
खिलाड़ियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है। चेक करने के बाद खिलाड़ियों को एंट्री दी गई। पहले दिन दस खिलाड़ी ही बुलाए थे। अब मंगलवार को सुबह के सेशन में 20 और शाम के सेशन में 20 खिलाड़ियों को बुलाया गया है। -सुरेंद्र महाजन, चीफ बैडमिंटन कोच
नियमों का पालन करने के बाद ही सीएलटीए खिलाड़ियों को स्टेडियम में आने दिया जा रहा है। समय पर अलग-अलग सेशन में युवा टेनिस प्लेयर्स को कोरोना से बचाव और सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में जानकारी दी जा रही है। - रोमन सिंह, चीफ टेनिस कोच , सीएलटीए