चंडीगढ़। चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सिटको) की सुखना लेक पर पार्टी बोट चलाने की योजना अधर में लटक गई है। हाल ही में विभाग की तरफ से जारी किए टेंडर में एजेंसियों ने रुचि नहीं दिखाई है।
प्रशासन सुखना लेक पर ऐसी बोट चलाने का प्रयास कर रहा है, जिसकी छत पर म्यूजिक के साथ लोग पार्टी कर सकेंगे और उसमें बैठने की क्षमता भी ज्यादा होगी। हाल ही में विभाग की तरफ से टेंडर जारी किया गया था, जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी है, लेकिन अभी तक किसी ने आवेदन नहीं किया है। इसके चलते प्रशासन ने फैसला लिया है कि अब कोरोना की तीसरी लहर कम होने के बाद ही दोबारा टेंडर जारी किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, रेवेन्यू शेयर आधार (कंपनी व प्रशासन में तय शर्तों के अनुसार आय बांटने की प्रक्रिया) पर छह साल के लिए इस पार्टी बोट को चलाना है। विभाग ने 40 सीटर बोट चलाने का फैसला लिया है। पिछले वर्ष टेंडर जारी भी किया गया था, जिसमें दो कंपनियों ने आवेदन किया था, लेकिन अधिक बोली लगाने वाली कंपनी ने काम करने से मना कर दिया था।
सेवा शर्तों में बदलाव कर दोबारा जारी होंगे टेंडर
दरअसल, देश के कई अन्य शहरों में भी इस तरह की बोट चलाई जाती है। लोग जन्मदिन व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए इस विशेष बोट को बुक करते हैं। इस संबंध में विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वह जल्द ही सेवा शर्तों में बदलाव कर बोट के लिए दोबारा टेंडर जारी करेंगे और उन्हें उम्मीद है कि अगली बार उन्हें अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी। विभाग की तरफ से सेक्टर-42 की न्यू लेक पर भी बोटिंग संबंधित गतिविधियां शुरू की जाएंगी। इसके लिए एजेंसियों से आवेदन भी मांगे गए थे। इसमें बोटिंग के अलावा वाटर एडवेंचर एक्टिविटीज, लाइट व साउंड शो आदि शामिल हैं।