चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) की आईटी पार्क में पंजाब, हरियाणा और यूटी के अधिकारियों व दोनों राज्यों के विधायकों के लिए लग्जरी फ्लैट्स की योजना अधर में लटक गई है। कई बार रिमाइंडर भेजने के बावजूद दोनों राज्यों का कोई जवाब नहीं आ रहा है। बोर्ड ने एक बार फिर 25 प्रतिशत राशि जमा कराने के लिए रिमाइंडर भेजा है, ताकि काम शुरू कराया जा सके।
सीएचबी के अनुसार जब तक उन्हें 25 फीसदी राशि जमा नहीं कराई जाती, तब तक वह इस प्रोजेक्ट पर आगे काम शुरू नहीं कर सकते हैं। कई बार वह दोनों राज्यों को भुगतान के लिए लिख चुके हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं आ रहा है। जानकारी के अनुसार पीजीआई ने पेमेंट के लिए दो कमेटियों से तो मंजूरी ले ली है, लेकिन आखिरी मंजूरी बाकी है। फ्लैट्स के डिजाइन के लिए बोर्ड ने पंचकूला की कंपनी क्रिएटिव कंसोर्टियम को फाइनल किया है। इससे पहले बेस्ट डिजाइन के लिए बोर्ड ने आर्किटेक्ट के बीच कंपीटीशन कराया गया था। हाल ही में बोर्ड ने प्रोजेक्ट की ड्राइंग को लेकर चीफ आर्किटेक्ट के साथ बैठक भी की थी, जिसमें इन ड्राइंग पर विभाग की तरफ से सहमति जताई गई थी, लेकिन बोर्ड इस संबंध में लिखित मंजूरी की प्रतीक्षा कर रहा है। यहां यूटी प्रशासन ने 28 फ्लैट्स अपने अधिकारियों के लिए खरीदने की योजना बनाई थी, जबकि पंजाब, हरियाणा भी फ्लैट्स की मांग कर रहे थे। यही कारण है कि सीएचबी की यहां पर 10 के करीब टावर बनाने की योजना है। एक फ्लैट करीब 2 करोड़ में पड़ेगा।