चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में आईं नवप्रीत कौर और रिमलजोत के बीच जैसा बंधन शायद ही किसी ने देखा हो। खरड़ की रहने वाली नवप्रीत ने वर्ष 2017 के दौरान फॉरेंसिक साइंस में मास्टर्स के लिए पीयू में एडमिशन लिया और वर्ष 2019 में पीएचडी ज्वाइन कर ली। बटाला के रिमलजोत सिंह ने उसी समय पीएचडी जॉइन की। दोनों की मुलाकात लैब में हुई। दोनों एक-दूसरे के साथ अपने प्रोजेक्ट पर मदद करने लगे।
नवप्रीत ने पार्किंसन और रिमलजोत ने अलजाइमर डिसीज की ड्रग के लिए नोवल कंपाउंड तैयार किए। नवप्रीत को मास्टर्स डिग्री में गोल्ड मेडल मिला। उनके पास ड्रग डिजाइन के पेटेंट हैं। पीयू बचाओ मोर्चा के सीनेट प्रोटेस्ट में वह कन्वीनर थे और 20 नवंबर को धरना छोड़कर शादी की तैयारी के लिए गए थे। वह सत्थ छात्र संगठन के फाउंडिंग मेंबर्स में से एक हैं। दोनों की शादी एक दिसंबर 2025 को हो गई। दोनों को ही यहां बायोफिजिक्स में पीएचडी की डिग्री मिलेगी।
फर्स्ट क्लास ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट भावना केसर के वैवाहिक जीवन की नींव भी पीयू में पड़ी। वह एसी जोशी लाइब्रेरी में पढ़ने के दौरान हिमाचल प्रदेश मंडी जिले के रूबी चौधरी को दिल दे बैठीं। रूबी भी लॉ विभाग से पीएचडी कर रहे हैं। कुछ समय पहले ही दोनों का विवाह हुआ है। एक टेलर की बेटी भावना ने बताया कि वह राजौरी की रहने वाली हैं। उन्होंने ज्यूडिशियल सर्वेसिसेस परीक्षा दी और ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास बनीं। वह जिले की पहली महिला जज हैं। उन्होंने पीयू के यूआईएलएस से 2018 में बीएएलएलबी और 2019 में मास्टर्स डिग्री की और यूजीसी नेट क्लियर किया। 2021 में लॉ विभाग में पूर्व प्रोफेसर और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी सोनीपत में वीसी प्रो. देविंदर सिंह के गाइडेंस में लॉ रिलेटिंग टू डीलिमिटेशन अंडर द इंडियन कॉन्सटिट्यूशन विद स्पेशल रेफ्रेंस टू जेएंडके विषय में पीएचडी जॉइन की।
ह्यूमन राइट्स के पहले ट्रांसजेंडर को मिलेगा गोल्ड
ट्रांसजेंडर करन ने बताया कि उन्हें मास्टर्स में गोल्ड मेडल मिलने वाला है। वह ह्यूमन राइट्स डिपार्टमेंट से पहले ट्रांसजेंडर होंगे जो गोल्ड मेडल हासिल करेंगे। उन्होंने लॉ विभाग से मास्टर्स भी की है। वे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि इस यूनिवर्सिटी ने मुझको सम्मान दिया है। मैं ह्यूमन राइट्स और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए कार्य करूंगी।
डॉ. दीपक ठाकुर को मिलेगी डिग्री
पीयू के यूआईएलएस में फैकल्टी और हिमाचल प्रदेश के डॉ. दीपक ठाकुर को शनिवार को पीएचडी की डिग्री मिलेगी। 2004 में यूआईएलएस में फर्स्ट बैच जॉइन किया। 2005 में सीआर, 2006 में डीआर और एग्जिक्युटिव डीआर, 2008 में सोपू के जॉइंट सेक्रेटरी चुने गए। 2009 में बैचलर्स डिग्री मिली। इसके बाद कुछ पेपर पास करके इंटरव्यू तक पहुंचा पर चयन नहीं हुआ। 2014 में लॉ विभाग में मास्टर्स के लिए जॉइन किया। 2015 में यूजीसी नेट क्लियर किया। 2019 में पीएचडी जॉइन की और इसी साल पीयू में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर पोस्टिंग मिली। उन्होंने स्टेटस ऑफ एसटी विमन इन इंडिया पर पीएचडी की है।
इराक के बकर अहमद ने शुरू किए स्टार्टअप
इराक के बकर अहमद हमीद ने बताया कि वह 2012 में भारत आए थे। उस समय इराक में खतरे का माहौल था। तब उनके माता-पिता ने उन्हें भारत भेज दिया था। उसके बाद हालात खराब होने के कारण उनका वापस जाना भी मुश्किल था। भारत में वह खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे थे। 2017 में उन्होंने पुणे से बी फार्मेसी की। 2018 में दिल्ली जामिया से मास्टर्स की और 2022 में वह पीयू आ गए। उन्होंने नैनोफार्मुलेशन आईड्रॉप पर रिसर्च किया है। उन्होंने आंख और उम्र संबंधित दो दवाएं बनाईं। उन्होंने कॉस्मोस्यूटिकल स्टार्टअप्स शुरू किया। उनके नाम 6 पेंटेंट हैं। टेक्नोलॉजी ट्रांसफर प्रक्रिया अभी चल रही है। अब उनके भाई और बहन भी भारत में सेटल हो चुके हैं।
5 जी के साथ एआई पर होगी पीएचडी
नीतिश महाजन ने बताया कि उन्होंने एआई 5जी के साथ कैसे काम करेगा, इस विषय पर पीएचडी की है। उन्होंने 100 5जी लैब भी विकसित की है। आईआईटी रोपड़ समेत बड़े इंस्टीट्यूट में उनके द्वारा बनाए गए ड्रोन रखे गए हैं। उन्होंने अपनी कंपनी भी बनाई है। उनके ड्रोन से सिक्योरिटी सर्विलेंस में फायदा होगा। सामान्य कैमरे बहुत मंहगे होते हैं, लेकिन ड्रोन एआई की मदद से दिन रात हर साइड को कवर करेगा। साथ ही थर्मल सिग्नेचर से अपराधी को फॉलो भी करेगा। एस्सेट मैनेजमेंट प्लानिंग इंडस्ट्री के लिए कस्टमर लेवल एग्रीमेंट को समय पर पूरा करने में सहायता मिलेगी।
राज्यपाल प्रदान करेंगे डिग्री
पंजाब विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में 73वें दीक्षांत समारोह की रिहर्सल के दौरान पीयू की वीसी प्रोफेसर रेनू विग, रजिस्ट्रार वाईपी वर्मा और डीएसडब्ल्यू प्रो.अमित चौहान पहुंचे। पंजाब विवि में होने वाले इस समारोह में पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगे। इस समारोह के लिए शुक्रवार को रिहर्सल की गई।