हरियाणा में फिजियोथैरेपी काउंसिल के गठन में ढिलाई का आरोप लगाते हुए फिजियोथैरेपिस्ट ने आंदोलन तेज कर दिया है। विभिन्न जिलों के फिजियोथैरेपिस्ट ने रविवार को चंडीगढ़ स्थित रैली ग्राउंड में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी, इसे सोमवार से पंचकूला में जारी रखा जाएगा। फिजियोथैरेपिस्ट के सभी संगठनों ने लामबंद होते हुए आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज करने का ऐलान किया है।
हरियाणा फिजियोथैरेपिस्ट फोरम के संयोजक डॉ. राजेश पॉल, इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपिस्ट हरियाणा शाखा के अध्यक्ष डॉ. उदय यादव, फिजियोथैरेपी एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के अध्यक्ष डॉ. विनोद जांगड़ा व हरियाणा चार्टड एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपिस्ट के अध्यक्ष डॉ. आरके मुदगिल ने बताया कि प्रदेश में इस समय करीब 12 हजार फिजियोथैरेपिस्ट हैं।
बीस के करीब सरकारी व गैर सरकारी कॉलेजों से हर साल हजारों विद्यार्थी फिजियोथैरेपी का प्रशिक्षण हासिल कर आ रहे हैं। प्रदेश में फिजियोथैरपी काउंसिल के गठन की मांग लंबे समय से लटकी हुई है। इसके लिए पूर्व में कांग्रेस सरकार से लेकर वर्तमान में भाजपा सरकार के मंत्रियों को अलग-अलग ज्ञापन दिए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मांगों को ध्यान में रखते हुए फिजियोथैरेपी काउंसिल के गठन को जरूरी ठहराते हुए कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। उसके बाद काउंसिल का ड्राफ्ट आम लोगों के साथ ही फिजियोथैरेपी चिकित्सकों के सुझावों व आपत्तियों के लिए 24 अप्रैल 2017 को डिपार्टमेंट ऑफ मेडिकल एजुकेशन व रिसर्च ने अपनी वेबसाइट पर अपलोड किया था।
जिसमें खामियों के चलते न सिर्फ प्रदेश बल्कि देश भर से फिजियोथैरेपी चिकित्सकों व मरीजों ने आपत्तियां जताई। 27 अप्रैल 2017 को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मुलाकात हुई, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बावजूद काउंसिल के गठन के ड्राफ्ट की खामियों को आज तक दूर नहीं किया गया।
सीएम के प्रतिनिधि के साथ बैठक रही बेनतीजा
हरियाणा फिजियोथैरेपिस्ट फोरम के बैनर तले जुटे फिजियोथैरेपिस्ट की भूख हड़ताल के दौरान सरकार ने उन्हें वार्ता के लिए बुलाया। जिस पर विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओएसडी भूपेश्वर दयाल से मिले। बातचीत से वे संतुष्ट नहीं हुए। चंडीगढ़ प्रशासन से अनुमति न मिलने पर सोमवार से पंचकूला में भूख हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया है।