प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के फोटो सेशन का दौर अब खत्म हो गया है। नेता अपने-अपने काम में बिजी हो चुके हैं और शहर में गंदगी के ढेर फिर दिखने शुरू हो गए हैं। यह ढेर मंत्री से लेकर विधायकों की कोठियों के पास लगे हैं, जहां से रोजाना उनकी गाड़ियां निकलती हैं लेकिन रुकती नहीं है।
जालंधर के भाजपा नेताओं ने स्वच्छ भारत के साथ जुड़ने का मीडिया के सामने खूब दावे किए। हालांकि दावे सिर्फ फोटो सेशन के साथ ही खत्म हो गए हैं। भाजपा विधायक मनोरंजन कालिया, मुख्य संसदीय सचिव केडी भंडारी और कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल अब गंदगी के ढेरों के पास से तो निकलते हैं लेकिन उसकी सफाई के लिए कुछ नहीं करते।
कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल के घर के मोड़ पर एक खाली प्लॉट हैं, जहां कूड़े का ढेर लगा हुआ है। यह प्लाट चुन्नी लाल के घर के साथ लगने वाली गली के सामने ही है। इस रास्ते से मंत्री और उनके बेटे भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहिंदर भगत हर रोज गुजरते होंगे। मंत्री चुन्नी लाल के घर के सामने बना पार्क तो ठीक है, मगर पार्क में से साफ की जाने वाली गंदगी को पार्क के अंदर ही ढेर बना कर रख दिया जाता है, जो कई दिनों तक नहीं उठाई जाती है।
चुन्नी लाल की कोठी से कुछ दूरी पर स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज की गली की नुक्कड़ पर भी कूड़े का ढेर लगा हुआ है। ऐसा ही हाल सेठ हुक्म चंद कालोनी में रहने वाले मुख्य संसदीय सचिव केडी भंडारी के क्षेत्र का है। भंडारी के घर के पास कई प्लाट खाली हैं। उन सभी प्लाटों में कूड़ा फेंका जा रहा है। उनके घर से 50 मीटर की दूरी पर खाली प्लाट में गंदगी का ढेर लगा हुआ है। भंडारी के घर के बैक साइड पर भी खाली प्लाट हैं, जहां कूड़ा जमा है।
सेंट्रल टाउन स्थित विधायक मनोरंजन कालिया के घर के तो बिल्कुल सामने ही गंदगी का ढेर लगा हुआ है। कालिया के घर के सामने नगर निगम की बिल्डिंग है। उसके भी एक किनारे कूड़े का ढेर लगा हुआ है, जिसे साफ करवाने की तरफ निगम प्रशासन का भी ध्यान तक नहीं जा रहा है।