पीजीआई में कोरोना के मरीजों को खाना, पानी और दवा पहुंचाने के लिए रोबोटिक ट्रॉली' दूत' को लॉन्च किया गया। पीजीआई डायरेक्ट डॉ. जगतराम ने इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ट्रॉली को डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को कोरोना संक्रमित मरीजों के बीच संक्रमित होने से बचाने में उपयोग किया जाएगा। क्योंकि मरीजों को खाना और दवा देने के लिए किसी भी व्यक्ति को उनके करीब जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस ट्रॉली को रिमोट से चलाया जा सकता है।
उन्होंने इसे बनाने के लिए अस्पताल प्रबंधन विभाग के डॉ. प्रणेय महाजन व डॉ. शैलेश गाहुकर को बधाई दी। उन्होंने बताया कि इसे लॉकडाउन में उपलब्ध सामान से 25 हजार रुपये की लागत से बनाया है। इस मौके पर पीजीआई डायरेक्ट डॉ. जगतराम के साथ ही डीन एकेडमी प्रो. जीडी पुरी, डीन रिसर्च प्रो. गुरप्रीत सिंह, डीडीए कुमार गौरव धवन, एफए कुमार अभय व कोरोना सेंटर के प्रभारी प्रो. विपिन कौशल आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ को खूब तपाएगा नौतपा, 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, कोर्ट की गर्मी की छुट्टी हाईकोर्ट ने रद्द की
ट्राली सेंसर तकनीक पर आधारित, 4 दिन है बैटरी बैकअप
ऑटोमेटिक रोबोटिक ट्रॉली से मरीज के बेड तक खाना, पानी, दवाएं आदि पहुंचाई जाएंगी। ये रोबोट रिमोट संचालित है। जिसमें एप बेस क्लाउड कैमरा के साथ ही नाइट विजन, थर्मल सेंसर लगे हुए हैं। इसमें 4 दिन का बैटरी बैकअप है। यह पूरी तरह सें सेंसर तकनीक पर आधारित है। बता दें, कि इससे पहले जीएमसीएच 32 के चिकित्सकों ने भी इस प्रकार का रोबोट बनाया था। उससे भी मरीजों को उनके बेड तक दवा और खाना दिया जा रहा है।