चंडीगढ़। पीजीआई में फायर सेफ्टी वीक के तहत वीरवार को तुलसीदास लाइब्रेरी में फायर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान आग लगने जैसी आपात स्थिति में मरीजों, छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने और तुरंत राहत पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
पीजीआई के सुरक्षा विभाग के फायर सेक्शन और चंडीगढ़ फायर सर्विसेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभ्यास में 124 लोगों ने भाग लिया। इसमें फायर एवं सिक्योरिटी स्टाफ, लाइब्रेरी कर्मचारी, अस्पताल प्रशासन, इलेक्ट्रिकल विंग, डॉक्टर, छात्र, चंडीगढ़ पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें शामिल रहीं। ड्रिल के दौरान लाइब्रेरी में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इसके बाद फायर अलार्म सक्रिय किया गया और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फायर फाइटिंग उपकरणों के इस्तेमाल, रेस्क्यू ऑपरेशन, असेंबली प्वाइंट पर हेड काउंट और आपात स्थिति में समन्वय बनाए रखने का अभ्यास भी कराया गया।