चंडीगढ़ पीजीआई में न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के मरीजों को अब महंगी दवाओं से राहत मिल सकती है। मिर्गी, माइग्रेन और नसों के दर्द जैसी बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी दवाएं पीजीआई के न्यूरोसाइंस सेंटर के पास गोल मार्केट स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र पर ब्रांडेड दवाओं से 50 से 70 फीसदी तक कम कीमत पर मिल रही हैं। लंबे समय तक नियमित दवाएं लेने वाले मरीजों के लिए यह बड़ी राहत है।
पीजीआई में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। इनमें कई को रोजाना एक से अधिक दवाएं लेनी पड़ती हैं। ऐसे में हर महीने दवाओं पर होने वाला खर्च परिवार के बजट पर भारी पड़ता है। खास साल्ट की दवाएं निजी मेडिकल स्टोर पर महंगी मिलती हैं। अब न्यूरोसाइंस सेंटर के पास ही जन औषधि केंद्र में ये दवाएं मिलने से मरीजों को कम कीमत के साथ उनकी तलाश में भटकने से भी राहत मिलेगी।
इन दवाओं पर होगी बचत
जन औषधि केंद्र पर लेवेटिरासेटम की 250, 500, 750 मिलीग्राम और एक ग्राम की टैबलेट उपलब्ध हैं। इसके अलावा एमिट्रिप्टिलाइन, प्रोप्रानोलोल, नेप्रोक्सन और डोमपेरिडोन का संयोजन, मेथिलकोबालामिन और अल्फा लिपोइक एसिड, कैल्शियम-विटामिन डी3 तथा मल्टीविटामिन और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसी दवाएं भी मिल रही हैं। उपलब्ध तुलनात्मक कीमतों के अनुसार कई दवाओं पर 70 से 78 फीसदी तक बचत हो सकती है।
मां की दवाओं का खर्च 3500 से घटकर 1100 रुपये
मोहाली निवासी मनदीप सिंह बताते हैं कि उनकी मां का पिछले डेढ़ साल से पीजीआई के न्यूरोलॉजी विभाग में इलाज चल रहा है। हर महीने दवाओं पर करीब 3500 से 4000 रुपये खर्च हो रहे थे। इससे परिवार के बजट पर लगातार दबाव पड़ रहा था। पहली बार डॉक्टर का पर्चा लेकर गोल मार्केट स्थित जन औषधि केंद्र पहुंचे तो सभी दवाएं एक साथ मिल गईं और कुल बिल करीब 1100 रुपये बना। उनके अनुसार, नियमित इलाज कराने वाले मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह बड़ी आर्थिक राहत है।
नसों के दर्द की दवाओं पर भी बचत
अंबाला निवासी मरीज रमेश शर्मा के अनुसार, उन्हें नसों में खिंचाव और गंभीर दर्द के कारण नियमित रूप से प्रीगाबालिन और विटामिन की दवाएं लेनी पड़ती हैं। निजी मेडिकल स्टोर पर इन दवाओं का खर्च अधिक था। जन औषधि केंद्र पर कम कीमत में दवाएं मिलने से उनका मासिक खर्च कम हुआ है।
लंबे इलाज में हर महीने की बचत मायने रखती है
न्यूरोलॉजी से जुड़ी कई बीमारियों में लंबे समय तक दवाएं लेनी पड़ती हैं। मिर्गी के दौरे नियंत्रित रखने, माइग्रेन की रोकथाम और नसों के दर्द जैसी समस्याओं में नियमित दवा जरूरी होती है। ऐसे में कीमतों का अंतर परिवार के मासिक बजट पर सीधा असर डालता है। उपलब्ध तुलनात्मक आंकड़ों के मुताबिक, जिन मरीजों का मासिक दवा खर्च 2000 से 3000 रुपये है, उनका खर्च जन औषधि की दवाएं लेने पर 500 से 700 रुपये तक आ सकता है। मरीजों को दवा बदलने या लेने से पहले डॉक्टर की सलाह और निर्धारित साल्ट व मात्रा का मिलान जरूर करना चाहिए।