पीजीआई में एक बार फर्जी अप्वाइंटमेंट लेटर देकर लोगों को बेवकूफ बनाकर उनसे रुपये ऐंठने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। पीजीआई के पास जानकारी पहुंची है कि कुछ लोग संस्थान का नाम और लोगो का इस्तेमाल कर ठगने की कोशिश में हैं। पीजीआई ने ऐसे लोगों से आगाह किया है।
पीजीआई प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि ऐसा कोई भी अप्वाइंटमेंट लेटर जारी नहीं किया गया है। ऐसे किसी भी लेटर के जाल में लोग न फंसें। पीजीआई ने इस संबंध में कार्रवाई भी शुरू कर दी है। उसने सभी संबंधित डिपार्टमेंट को लेटर की कापी और शिकायत भेजकर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
करीब दो साल पहले भी एक गैंग लोगों को फोन कर इंटरव्यू में पास करने के लिए रुपये ऐंठ रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और साइबर सेल इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया और लोगों को गिरफ्तार किया था।