सर्जरी के दौरान लाइव डेमो देते डॉक्टर
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ पीजीआई के एडवांस कार्डियक सेंटर के प्रोफेसर राजेश विजयवर्गीय व उनकी टीम ने एक जटिल केस की सफलतापूर्वक सर्जरी की और उसका लाइव प्रसारण सिंगापुर में हुआ। सिंगापुर में एक लाइव कांफ्रेंस का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें विश्व के जाने-माने एक हजार से ज्यादा वरिष्ठ कार्डियोलाजिस्ट ने हिस्सा लिया। इस जटिल केस के संबंध में वहां पर बैठे चिकित्सकों ने प्रो. विजयवर्गीय की टीम से कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक जवाब दिया।
प्रो. राजेश विजयवर्गीय ने बताया कि यह काफी जटिल केस था। इसमें मरीज की दिल की तीनों धमनियां एक जगह से जुड़ी हुईं थीं। इसमें ब्लाकेज थी। कैल्शियम भी जमा था। यह काफी जटिल केस था। आमतौर पर ऐसे केस को लेने में बडे़ से बड़े हास्पिटल मना कर देते हैं। पीजीआई की टीम ने इस केस को लिया। कैल्शियम को विशेष तकनीक रोटाबिलेशन से तोड़ा। एंजियोप्लास्टी कर मरीज को नया जीवन दिया। सबसे बड़ी बात इसका सिंगापुर में लाइव डेमो किया गया।
इस मौके पर प्रो. राजेश ने बताया कि ऐसे जटिल केसों को ठीक करने में पीजीआई को महारत हासिल है। इस हुनर को सिंगापुर में बैठे हजार से ज्यादा कार्डियोलाजिस्ट ने लाइव देखा। इस केस के माध्यम से दुनियाभर के विशेषज्ञों को सीखने का मौका मिला है। प्रो. राजेश पहले भी कई जटिल केसों की सर्जरी कर चुके हैं।