देश भर में एक ओर पेट्रोल और डीज़ल के दाम कम हुए हैं वहीं अब हरियाणा में पेट्रोल 2.50 रुपये महंगा मिलेगा। दरअसल हरियाणा सरकार ने पेट्रोल पर 5 फीसदी वैट बढ़ा दिया है। इससे अब हरियाणा में पेट्रोल 2.5 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है।
5 प्रतिशत वैट बढ़ाने से हरियाणा में पेट्रोल 57.37 से बढ़कर करीब 60 रुपए लीटर हो गया है। इससे दिल्ली और चंडीगढ़ से सटे जिलों में पेट्रोल की सेल पर असर पड़ेगा। दिल्ली में पेट्रोल पर वैट 20 फीसदी है। हालांकि राजस्थान में 30 और पंजाब में 32. 25 फीसदी वैट हरियाणा से ज्यादा ही रहेगा। ये दोनों राज्य हरियाणा पर वैट बढ़ाने के लिए दबाव भी बनाते रहे हैं।
प्रदेश में हर महीने करीब 8 करोड़ लीटर पेट्रोल बिकता है। करीब 2.50 रु.लीटर दाम बढ़ाने से सरकार को हर माह 20 से 22 करोड़ मिलेंगे।
उधर, हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने पेट्रोल पर वैट बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध किया है। अध्यक्ष दिनेश गोयल का कहना है कि यह गलतफहमी है कि वैट बढ़ाने से राजस्व बढ़ेगा। बल्कि एनसीआर में बिक्री बहुत घट जाएगी।