डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम की सुरक्षा में तैनात रहे कर्मियों ने पदोन्नति के लिए कोर्स की अनुमति न देने के हरियाणा सरकार के फैसले को चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी। इस याचिका पर हरियाणा सरकार ने बताया कि यह कर्मी निलंबित हैं। राम रहीम को पंचकूला लाने के दौरान इन्होंने अधिकारियों से बदसलूकी की थी।
याचिका दाखिल करते हुए राजेश कुमार और अन्य ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में तैनात हैं और उन्हें राम रहीम की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया था। राम रहीम को दोषी करार देने के बाद हुई हिंसा के मामले में उन पर भी एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके चलते उन्हें 2017 में निलंबित कर दिया गया था।
पुलिस विभाग ने पदोन्नति के लिए याचिकाकर्ताओं को चुना था लेकिन हरियाणा सरकार ने उन्हें इसके लिए कोर्स करने की अनुमति नहीं दी। याची ने बताया कि भले ही वह निलंबित हैं और उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही है लेकिन कोर्स करने का हक उनसे नहीं छीना जा सकता है। याची ने अपील की कि हरियाणा सरकार को आदेश दिया जाए कि वह उसे कोर्स करने की अनुमति प्रदान करे ताकि उनकी पदोन्नति का रास्ता साफ हो सके।