ओवरवेट चाहत के इलाज में मदद के लिए शहरवासियों ने हाथ आगे बढ़ाए हैं। मंगलवार को मनीमाजरा के डा. एसके सूद ने चाहत के पिता को पांच हजार रुपये दिए। इसी तरह से कुलबीर नामक एक युवती ने दस हजार और एक अंजान शख्स ने पांच हजार रुपये दिए।
कुछ ने सूरज से उसका एकाउंट नंबर पूछकर उसमें रुपये डालने का आश्वासन दिया है। चाहत और उसके चाचा के सैंपल भेजने में करीब दो लाख रुपये का खरचा आने वाला है। मंजिल दूर है, लेकिन शहरवासियों ने चाहत की मदद के लिए अपना दिल खोल दिया है। मदद की राशि जुटने से सूरज के पिता उत्साहित हैं। उन्हें उम्मीद है कि बाकी रकम भी शहरवासियों की मदद से इकट्ठा हो जाएगी।
सूरज अमृतसर में एक कैबिल आपरेटर के पास दिहाड़ी में काम करता है। रोज के उसे 200 रुपये मिलते हैं। इतने कम रुपये के आधार पर वह चाहत का इलाज करा पाने में असक्षम है। इसलिए उसने मदद के लिए गुहार लगाई थी। नौ महीने की चाहत ओवरवेट से पीड़ित है। कम उम्र में वजन बढ़ने से उसके पेरेंट्स परेशान थे। पीजीआई ने उसके बेसिक टेस्ट किए। रिपोर्ट नार्मल आई। अब उसके एडवांस टेस्ट कराए जाने हैं। डाक्टरों ने उसके जीन में गड़बड़ी जताई है। अब उसके सैंपल बंगलूरू भेजे जाने हैं। एक सैंपल की जांच कराने में करीब 70-80 हजार रुपये का खर्च आएगा। उसके चाचा भी ओवरवेट हैं। पीजीआई दोनों के सैंपल भेजेगा, ताकि वजन बढ़ने का सही कारण पता चल सके।